उपचुनाव के नतीजे आज: 3 लोकसभा और 7 विधानसभा सीटों के लिए होगी मतगणना

punjabkesari.in Sunday, Jun 26, 2022 - 06:39 AM (IST)

नई दिल्लीः उत्तर प्रदेश की दो और पंजाब की एक लोकसभा सीट के अलावा त्रिपुरा की चार और आंध्रप्रदेश, झारखंड और दिल्ली की एक-एक विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज आएंगे। देश की तीन लोकसभा सीटों और सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों के लिए आज सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। 

उत्तर प्रदेश में रामपुर और आजमगढ़, पंजाब में संगरूर लोकसभा सीट के अलावा दिल्ली, झारखंड, आंध्र प्रदेश और त्रिपुरा की सात विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव हुए थे। चार राज्यों में से सबसे अधिक त्रिपुरा में अगरतला, जुबाराजगर, सुरमा और बरदोवाला टाउन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुआ था। वहीं आंध्र प्रदेश की आत्माकुर, झारखंड की मांडर और दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 23 जून को वोटिंग हुई थी। 

दो राज्यों की तीन लोकसभा सीटों के लिए उपचुनाव की बात करें तो यूपी की आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीटों पर उपचुनाव हुआ था। आजमगढ़ से अखिलेश यादव जबकि रामपुर से आजम खान ने फरवरी-मार्च में हुए विधानसभा चुनावों में जीत हासिल की थी जिसके बाद उन्होंने लोकसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था। वहीं, पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट से सांसद रहे भगवंत मान पंजाब विधानसभा चुनाव जीतकर मुख्यमंत्री बने हैं, उनके लोकसभा सीट से इस्तीफा देने के बाद इस सीट पर उपचुनाव हुआ था।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News