फडणवीस के नेतृत्व में काम करने के लिए तैयार हूं: विखे पाटिल

punjabkesari.in Saturday, Jun 15, 2019 - 09:28 PM (IST)

शिरडी: महाराष्ट्र के मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की खबरों के बीच पूर्व कांग्रेस नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल ने शनिवार को कहा कि उन्हें ‘जो भी जिम्मेदारी' दी जाएगी, वह उसे संभालने को तैयार हैं। इससे पहले दिन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य मंत्रिमंडल का रविवार को विस्तार किए जाने की घोषणा की थी। महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता विखे पाटिल ने भाजपा के टिकट पर अपने बेटे सुजय के चुनाव जीतने के बाद हाल ही में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था।

प्रसिद्ध साईबाबा मंदिर में दर्शन के बाद पाटिल ने कहा कि वह ‘एक नई पारी की शुरुआत' करने जा रहे हैं और इसके लिए वह भगवान से आशीर्वाद लेने आए हैं। उनसे जब मंत्रिमंडल में शामिल होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा,‘ देश के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूर्ण जनादेश दिया है और मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस राज्य को आगे ले जा रहे हैं। अगर मुझे उनके (फडणवीस) नेतृत्व में काम करने का मौका मिलता है तो यह अच्छा है।' पाटिल शनिवार को 60 साल के हो गए। वह अभी तक भाजपा में शामिल नहीं हुए हैं। इस बारे में जब उनसे और ज्यादा पूछा गया तो उन्होंने कहा,‘ मेरे कंधों पर कल जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, मैं उसे पूर्ण समर्पण के साथ स्वीकार करूंगा।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

shukdev

Recommended News

Related News