आज हिसार में बड़ी रैली करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी...प्रियंका गांधी वाड्रा जम्मू-कश्मीर में करेंगी दो रैलियां, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Saturday, Sep 28, 2024 - 12:44 AM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 28 सितंबर को हिसार में बड़ी रैली करेंगे। वह हिसार के एयरपोर्ट चौक के पास स्थित मैदान में विशाल रैली को संबोधित करेंगे। हिसार से भाजपा के डॉ. कमल गुप्ता मैदान में हैं। 
PunjabKesari
उधर, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शनिवार को जम्मू-कश्मीर में पार्टी के लिए चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगी। इस चुनावी मौसम में ये उनकी पहली सार्वजनिक बैठकें होंगी। बता दें कि जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में एक साथ चुनाव हो रहे हैं। प्रियंका शनिवार को वह सुबह सबसे पहले कठुआ के बिलावर में एक जनसभा को संबोधित करेंगी और फिर जम्मू के बिश्नाह में एक सभा को संबोधित करेंगी। 

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी रहेंगे झारखंड दौरे पर 
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 28 सितंबर को झारखंड दौरे पर रहेंगे। वे पलामू में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा में शामिल होंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। पलामू में भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा का 28 सितंबर को मेदिनीनगर में समापन होना है। इस समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी शामिल होंगे. पलामू के शिवाजी मैदान में नितिन गडकरी का कार्यक्रम आयोजित किया गया है जहां शनिवार को दोपहर 1 बजे वे जनसभा को संबोधित करेंगे। 

बिहार के 13 जिलों में भारी बारिश का अनुमान, अचानक बाढ़ की चेतावनी 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को बिहार के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है और अगले 24 घंटों में राज्य के 13 जिलों में अचानक बाढ़ के खतरे की चेतावनी जारी की है। आईएमडी की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुज़फ़्फ़रपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, पटना, जहानाबाद, मधुबनी और भोजपुर जिलों में भारी बारिश की संभावना है। 

'कुकी जो' संगठनों के बंद के आह्वान से मणिपुर के दो जिलों में जनजीवन प्रभावित 
मणिपुर के चुराचांदपुर और कांगपोकपी जिलों में शुक्रवार को ‘कुकी जो' संगठनों द्वारा बंद के आह्वान के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। बंद का आह्वान राज्य सरकार के उस दावे के विरोध में किया गया है जिसमें कहा गया था कि 900 प्रशिक्षित कुकी उग्रवादी 28 सितंबर को इंफाल घाटी के गांवों पर हमला करेंगे। 

पुणे में आज से 'दिव्य कला मेला' किया जाएगा आयोजित  
पुणे 'दिव्य कला मेले' के 20वें संस्करण की मेजबानी करने के लिए तैयार है और शनिवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार इसका उद्घाटन करेंगे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि छह अक्टूबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम में पूरे भारत के दिव्यांगजनों के शिल्प कौशल और उद्यमशीलता कौशल का प्रदर्शन किया जाएगा।

नालसार विश्वविद्यालय के 21वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगी मुर्मू 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को यहां नालसार विधि विश्वविद्यालय के 21वें वार्षिक दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगी। दीक्षांत समारोह में तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति पी.एस. नरसिम्हा मौजूद रहेंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News