बॉलीवुड-तेलुगु इंडस्ट्री में खुशखबरी: राम चरण बने तीन बच्चों के पिता, पत्नी उपासना ने जुड़वां बच्चों को दिया जन्म
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 08:44 AM (IST)
नेशनल डेस्क: तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार राम चरण और उनकी पत्नी, उद्यमी उपासना कोनिडेला के घर खुशियों ने दस्तक दी है। कपल ने जुड़वां बच्चों—एक बेटे और एक बेटी—का स्वागत किया है। इस डबल खुशी के साथ राम चरण और उपासना अब तीन बच्चों के माता-पिता बन गए हैं।
इस खुशखबरी की जानकारी राम चरण के पिता और मेगास्टार चिरंजीवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की। उन्होंने अपने पोस्ट में बताया कि मां और दोनों नवजात बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं। चिरंजीवी ने लिखा, “अत्यंत खुशी और कृतज्ञता के साथ हम यह साझा कर रहे हैं कि @AlwaysRamCharan और @upasanakonidela को जुड़वां बच्चों—एक बेटे और एक बेटी—का आशीर्वाद मिला है। दोनों बच्चे और मां स्वस्थ हैं। दादा-दादी बनने की यह खुशी हमारे लिए ईश्वरीय आशीर्वाद जैसी है। सभी के प्यार, दुआओं और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।” पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया। फैंस के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकारों और दोस्तों ने कोनिडेला परिवार को शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि राम चरण और उपासना ने 2023 में अपनी पहली बेटी ‘क्लिन कारा’ का स्वागत किया था। कपल ने अब तक अपनी बेटी को लाइमलाइट से दूर रखा है और उसका चेहरा सार्वजनिक नहीं किया है। वर्क फ्रंट की बात करें तो राम चरण जल्द ही फिल्म ‘पेड्डी’ में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ जान्हवी कपूर, शिवा राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन बुच्ची बाबू सना (उप्पेना फेम) कर रहे हैं और इसे वृद्धि सिनेमा के बैनर तले वेंकट सत्यशील किलारू प्रोड्यूस कर रहे हैं। ‘पेड्डी’ 27 मार्च 2026 को दुनियाभर में रिलीज होने वाली है।
