राजनाथ का कांग्रेस पर हमला, 55 साल देश पर शासन करने वाली पार्टी ने क्या दिया?

punjabkesari.in Sunday, Dec 02, 2018 - 06:28 PM (IST)

नेशनल डेस्कः राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार प्रसार अपने चरम पर है। इस चुनावी शोर में आज गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने अलवर में चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। सिंह ने कहा कि देश पर 55 साल तक शासन करने वाली इस पार्टी ने देश की जनता को छला और धोखा दिया है। उन्होंने जनसभा में कहा कि कांग्रेस ने भारत को दुनिया के गरीब देशों में खड़ा करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हमने जनता की आंखों में धूल झोंककर राजनीति नहीं की है, जनता की आंखों में आंख डालकर राजनीति की है।

कांग्रेस से किया सवाल
गृहमंत्री ने कहा कि यह आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा, यह आंकड़े दर्शाते हैं कि कांग्रेस ने 55 साल में राजस्थान में क्या किया और वसुंधरा राजे की सरकार ने राजस्थान के विकास के लिए क्या काम किया है। उन्होंने कहा, " 50 साल में कांग्रेस केवल 103 आईटीआई खोले, जबकि राजे ने अपने पांच साल के कार्यकाल में 958 आईटीआई खोले हैं।

मंदिर-मंदिर को लेकर भी साधा निशाना
राजनाथ सिंह ने कहा कि चुनाव आने पर कांग्रेस के लोग मंदिर पहुंच जाते हैं। इससे पहले मंदिर में जाकर उनको पूजा करते नहीं देखा गया। कांग्रेस के लिए मंदिर और गाय चुनावी मुद्दा हो सकता है, लेकिन भाजपा के लिए मंदिर चुनावी स्टंट नहीं हो सकता। यह हमारे सांस्कृतिक जीवन का अभिन्न अंग है।

कश्मीर पर बोले गृह मंत्री
राजनाथ ने आगे कहा कि जम्मू-कश्मीर का कोई मुद्दा नहीं है। यह तो हमारे देश का अभिन्न हिस्सा है। मुद्दा तो आतंकवाद है और पाकिस्तान इस पर चर्चा कर सकता है। यदि पाकिस्तान को लगता है कि वह अकेले अपने दम पर आतंकवाद से मुकाबला नहीं कर सकता तो वह अपने पड़ोसी देश भारत का भी सहयोग ले सकता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News