राजीव गौबा कैबिनेट सचिव नियुक्त, प्रदीप कुमार सिन्हा की लेंगे जगह
punjabkesari.in Wednesday, Aug 21, 2019 - 09:10 PM (IST)

नेशनल डेस्कः केंद्रीय गृह सचिव राजीव गौबा को बुधवार को अगला कैबिनेट सचिव नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल दो साल का होगा। झारखंड कैडर के 1982 बैच के आईएएस अधिकारी गौबा शुरू में कैबिनेट सचिवालय में विशेष कार्याधिकारी के तौर पर काम संभालेंगे और बाद में मौजूदा कैबिनेट सचिव पी के सिन्हा की जगह देश के शीर्ष नौकरशाह की जिम्मेदारी लेंगे।
आदेश के मुताबिक, ‘‘कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने राजीव गौबा की कैबिनेट सचिवालय में विशेष कार्याधिकारी के तौर पर नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी है। वह कार्यभार संभालने से लेकर कैबिनेट सचिव का पद संभालने तक इस पद पर रहेंगे।''
एक सरकारी आदेश के अनुसार, ‘‘कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने कैबिनेट सचिव के तौर पर राजीव गौबा की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। उनका कार्यकाल 30 अगस्त 2019 से दो साल या अगले आदेश, जो भी पहले हो, तक होगा।''
राजीव गौबा को अगस्त 2017 में केंद्रीय गृह सचिव बनाया गया था। उन्होंने ने 31 अगस्त , 2017 को केन्द्रीय गृह सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। गौबा ने 27 जून 2017 को विशेष कार्य अधिकारी (गृह सचिव पदनाम) के रूप में गृह मंत्रालय में कार्यभार ग्रहण किया। इससे पहले गौबा शहरी विकास मंत्रालय में सचिव के पद पर रहे थे। गौबा पंजाब से हैं और भौतिक विज्ञान में स्नातक हैं तथा 1982 बैच के झारखंड कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं।