राजस्थान: रामनवमी पर पुलिस ने बंद करवाई रामधुन, भड़के VHP कार्यकर्ता तो मिली अनुमति
punjabkesari.in Sunday, Apr 10, 2022 - 04:32 PM (IST)

नेशनल डेस्क: रामनवमी के शुभ अवसर पर देशभर में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। इस मौके पर राजस्थान में भरतपुर पुलिस और विश्व हिंदू परिषद (VHP) के सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। दरअसल शोभायात्रा के दौरान रामधुन बज रही थी जिसे पुलिस ने जबरदस्ती बंद करवा दिया। पुलिस द्वारा रामधुन बंद कराए जाने से VHP कार्यकर्ता नाराज हो गए और अशोक गहलोत सरकार पर हिंदू विरोधी होने का आरोप लगा दिया।
VHP-पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक
रामनवमी के मौके पर विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने भरतपुर में शोभायात्रा निकाली थी। इसी दौरान शहर में लाउडस्पीकर के जरिए रामधुन बजाई जा रही थी लेकिन प्रशासन ने मस्जिद के पास उसे बंद करवा दिया। पुलिस द्वारा रामधुन को बंद कराए जाने के बाद विवाद हो गया और हिंदू परिषद के सदस्यों और पुलिस अधिकारियों में तीखी बहस होने लगी। इस बात को लेकर पुलिस और स्थानीय लोगों में काफी देर तक विवाद होता रहा।
VHP के पदाधिकारी नरेश खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत हिंदू विरोधी हैं। इस सरकार को जनता सबक सिखाएगी। वहीं एएसपी चंद्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि रामधुन बजाने की अनुमति जिला प्रशासन से नहीं ली गई थी इसलिए उसे बंद करा दिया गया। अब इन लोगों ने इजाजत ले ली है इसलिए इनको बजाने की अनुमति दे दी गई है।