Indore: राजा ने सोनम के लिए सजाया था हनीमून सुइट जैसा अपना कमरा, अब जेल में काटेगी रातें, बेडरूम से सामने आईं तस्वीरें
punjabkesari.in Thursday, Jun 12, 2025 - 12:35 PM (IST)

नेशनल डेस्क: इंदौर के राजा रघुवंशी की मौत ने पूरे शहर को चौंका दिया है। एक महीने पहले ही शादी के बंधन में बंधे राजा की ज़िंदगी अब सवालों के घेरे में है। परिवार न सिर्फ इस मामले की जांच की मांग कर रहा है, बल्कि यह भी चाहता है कि राजा को इंसाफ मिले। इसी बीच राजा के बेडरूम का एक वीडियो सामने आया है, जो इस रहस्य को और भी गहरा बना देता है।
राजा के कमरे में अब भी नई ज़िंदगी की शुरुआत की झलक दिखती है। लाल गुब्बारे, रिबन, और दीवार पर I Love You का मैसेज, जैसे समय वहीं थम गया हो। यह वही कमरा है जिसे राजा ने खुद की पसंद से सजवाया था। घर का हर कोना राजा की मौजूदगी की याद दिला रहा है — खासकर वो स्विमिंग पूल, जो उनके फिटनेस रूटीन का हिस्सा था।
परिवार के मुताबिक, शादी के बाद 19 मई को राजा अपनी पत्नी सोनम के साथ उज्जैन गया था। अगली सुबह यानी 20 मई को दोनों को शिलांग के लिए उड़ान पकड़नी थी। लेकिन उस दिन की शुरुआत कुछ अजीब घटनाओं से हुई। राजा की मां उमा रघुवंशी बताती हैं कि सोनम ने राजा को सुबह 5 बजे ही जगा दिया, जबकि फ्लाइट 9:30 बजे थी। सोनम की सलाह पर राजा ने रैपिडो बुक किया और अकेले एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गया।
एयरपोर्ट पर राजा ने काफी देर तक सोनम का इंतज़ार किया, लेकिन वह नहीं पहुंची। उसने कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। हताश होकर राजा ने अपनी मां को कॉल किया और पूरी बात बताई। मां जब सोनम से फोन पर बात करने में सफल हुईं, तो उसने जवाब दिया कि राजा अक्सर देर से उठते हैं, इसलिए उसे समय पर उठाने के लिए ऐसा किया।
परिवार को इस पूरे घटनाक्रम में कुछ गड़बड़ लग रही है। भाई सचिन रघुवंशी ने बताया कि राजा ने अपने घर को बेहद प्यार से सजवाया था — हर छोटी चीज़ उसकी पसंद की थी, चाहे घर का एलिवेशन हो या बेडरूम का डेकोर। इस मामले में परिवार को किसी बड़ी साजिश की आशंका है।