जम्मू कश्मीर में बिगड़े मौसम के मिजाज, मैदानी इलाकों में बारिश, श्रीनगर-लेह और मुगल रोड बंद

punjabkesari.in Friday, Apr 20, 2018 - 04:28 PM (IST)

श्रीनगर : जम्मू कश्मीर के ऊपरी हिस्सों में शुक्रवार को ताजा बर्फबारी जबकि मैदानी इलाकों में भारी बारिश से शुक्रवार को दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। 
मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को कहा कि पिछले 12 घंटों में जोजिला दर्रे, द्रास और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई। बयान के अनुसार शनिवार तक यही स्थिति जारी रहेगी, जिसके बाद मौसम में सुधार शुरू हो जाएगा। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि पहलगाम में यह 4.4 डिग्री व गुलमर्ग में शून्य डिग्री दर्ज हुआ। लेह कस्बे में तापमान 6.1 डिग्री, कारगिल में 2.6 डिग्री दर्ज हुआ। घाटी में दिन और रात के तापमान में गिरावट आने से लोगों ने गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं।

भूस्खलन से नेशनल हाईवे बंद
इस बीच कश्मीर में शुक्रवार को कश्मीर को लद्दाख क्षेत्र से जोडऩे वाला राष्ट्रीय राजमार्ग श्रीनगर-लेह को ताजा हिमपात होने की वजह से और ऐतिहासिक मुगल रोड़ को भूस्खलन की वजह से बंद कर दिया गया। एक यातायात पुलिस अधिकारी ने बताया कि कश्मीर से देश के बाकी हिस्सों से जोडऩे वाले 300 किलोमीटर लंबे श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर बारिश के बावजूद एक ओर से यातायात चालू रखा गया है।
वहीं 434 किलोमीटर लंबे श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोजिला, मीनमार्ग और अन्य इलाकों में ताजा हिमपात होने से फिलसन की वजह से अधिकारियों को मजबूरन वाहनों की आवाजाही को बंद करना पड़ा। उन्होंने कहा अगर मौसम में सुधार आया और सडक़ें यात्रा के लिए सुगम रही तभी राजमार्ग पर वाहनों को चलने की अनमुति दी जाएगी।

मुगल रोड पर भी भूस्खलन
उन्होंने कहा कि हम प्रतिदिन सुबह पांच बजे से 11 बजे तक लद्दाख के द्रास से कश्मीर के सोनमार्ग तक वाहनों को चलने की अनुमति देते हैं। इस दौरान राजमार्ग को खोल दिया जाता है। कश्मीर के शोपियां जिले को जम्मू के राजौरी और पुंछ से जोडऩे वाले ऐतिहासिक मुगल रोड पर पीर गली गली क्षेत्र के पास हुए भूस्खलन की वजह से वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया।

मलबा हटाने का काम शुरू
प्रशासन ने मलबे को हटाने के लिए मशीनों को लगाया गया है। उन्होंने बताया श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग में एक ओर से वाहनों को आने की अनुमति दी गई है। शुक्रवार को वाहनों को श्रीनगर से जम्मू जाने की अनुमति दी गई है और विपरीत दिशा से वाहनों का आने पर रोक लगाई गई है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News