IMD Alert: 3 राज्यों में बारिश का अलर्ट, 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं, बाकी राज्यों का जानें हाल
punjabkesari.in Thursday, Jan 08, 2026 - 08:32 AM (IST)
नेशनल डेस्क: देश के मौसम ने इस समय दो अलग-अलग रंग दिखा दिए हैं। उत्तर भारत में ठंड ने लोगों की दिनचर्या थाम दी है, तो वहीं दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। शीतलहर, घना कोहरा और पहाड़ों में बर्फबारी ने कई राज्यों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गुरुवार को देशभर में मौसम की तस्वीर कुछ इस तरह रहने वाली है—
दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाएं
मौसम विभाग ने तमिलनाडु, केरल और अंडमान-निकोबार के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में वर्षा के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। समुद्री इलाकों में हालात को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है और आम लोगों को भी सतर्क रहने को कहा गया है।
दिल्ली-NCR में कंपकंपा देने वाली सर्दी
राजधानी दिल्ली में सुबह से ही ठंड ने लोगों को बेहाल कर रखा है। शीतलहर चलने के आसार हैं और ठंडी हवाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान लगभग 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। हरियाणा के पानीपत, गुरुग्राम और सोनीपत जैसे शहरों में भी तेज शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है।
उत्तर प्रदेश में शीतलहर और कोहरे की दोहरी मार
यूपी के 15 से अधिक जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। लखनऊ, प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर, बरेली, अमेठी, टुंडला, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ शीतलहर की चपेट में रह सकते हैं। इसके अलावा देवरिया, गोरखपुर, सीतापुर, मैनपुरी, शाहजहांपुर और आजमगढ़ में घना कोहरा छाने की आशंका है। लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 17 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
बिहार और झारखंड में कोहरे का कहर
बिहार के 19 जिलों में गुरुवार को घना कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है। पटना, बक्सर, भोजपुर, सिवान, गया, जहानाबाद, नालंदा, बेगूसराय, लखीसराय, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी जैसे जिलों में दृश्यता कम रह सकती है। वहीं पूर्णिया, किशनगंज, अररिया और कटिहार में शीतलहर का असर रहेगा। पटना में तापमान 16 डिग्री अधिकतम और 9 डिग्री न्यूनतम रह सकता है।
झारखंड के रांची, पलामू, गुमला, कोडरमा, जमशेदपुर, बोकारो और हजारीबाग में भी ठंड तेज रहने वाली है। कुछ इलाकों में कोहरा भी परेशानी बढ़ा सकता है। रांची में तापमान 19 डिग्री अधिकतम और 7 डिग्री न्यूनतम के आसपास रह सकता है।
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में भी सर्दी का दबाव
पंजाब के फिरोजपुर, बरनाला, अमृतसर, बठिंडा, जालंधर, पटियाला और गुरदासपुर में तेज शीतलहर चलने की संभावना है। राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, श्रीगंगानगर, भरतपुर, सीकर, चूरू और अलवर समेत कई शहरों में ठंड का असर बना रहेगा। जयपुर में सुबह का तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मध्य प्रदेश में राजगढ़, दतिया, शहडोल, उमरिया, खजुराहो और उज्जैन जैसे जिलों में भीषण ठंड का असर है। भोपाल में सुबह तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस रहा।
पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ेंगी मुश्किलें
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। पिथौरागढ़, नैनीताल, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। देहरादून में अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम 4 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
हिमाचल प्रदेश में ताबो, कल्पा, मनाली और लाहौल-स्पीति में बर्फ गिरने के आसार हैं। शिमला में तापमान 12 डिग्री अधिकतम और माइनस 1 डिग्री न्यूनतम रह सकता है। मनाली में तो ठंड और भी ज्यादा तीखी होगी, जहां अधिकतम तापमान माइनस 2 और न्यूनतम माइनस 19 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है। बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर और सोलन में भी शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
