IMD Alert: 24 घंटे बाद अचानक बिगड़ेगा मौसम, दिल्ली-UP समेत 13 राज्यों में भारी आंधी-बारिश और ओले गिरने की चेतावनी

punjabkesari.in Wednesday, May 27, 2026 - 11:05 AM (IST)

IMD Weather Alert : देशभर में इस समय मौसम के दो बेहद अलग और आक्रामक रूप देखने को मिल रहे हैं। जहां उत्तर और मध्य भारत के कई राज्य भीषण गर्मी और जानलेवा लू (Heatwave) की चपेट में हैं तो वहीं IMD यानि कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने देश के करीब 13 राज्यों में अचानक मौसम बिगड़ने का बड़ा अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अत्यधिक गर्मी और एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के आपस में टकराने के कारण यह बदलाव आ रहा है। कुछ इलाकों में तो 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है।

1. दिल्ली-NCR: आंशिक राहत के आसार

27 मई को आसमान साफ रहेगा और तेज गर्म हवाओं के साथ लू चलेगी। इस दौरान 40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। तो वहीं 28 और 29 मई को दिल्ली-एनसीआर में मौसम करवट लेगा। बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान आंधी की रफ्तार 60 किमी/घंटे तक पहुंच सकती है जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी।

PunjabKesari

2. UP: आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी

27 मई को लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर और गोरखपुर समेत अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहेगा। तो वहीं 28 से 31 मई इन सभी जिलों में मौसम पूरी तरह बदल जाएगा। गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू होगा। 29 मई को यूपी के कई जिलों में 60 से 70 किमी/घंटे की रफ्तार से खतरनाक आंधी चलने और ओले (Hailstorm) गिरने की बड़ी आशंका है।

3. बिहार: भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

27 से 29 मई को बिहार के कटिहार, पूर्णिया और पूर्वी चंपारण समेत कई जिलों में मौसम विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है। इन तीन दिनों के दौरान 50 से 70 किमी/घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने, भारी बारिश होने और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है। 29 मई को कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

PunjabKesari

4. राजस्थान, पंजाब और हरियाणा: भीषण लू का टॉर्चर

राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और कोटा संभाग में पारा आसमान छू रहा है। पश्चिमी राजस्थान में 28 मई तक भीषण लू का रेड अलर्ट है। 28 और 29 मई को तेज धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। वहीं बात करें अगर पंजाब और हरियाणा की तो अगले दो दिनों तक यहां के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। डॉक्टरों ने दोपहर के समय बिना वजह बाहर न निकलने की सलाह दी है। हालांकि महीने के अंत में यहां भी हल्की राहत मिल सकती है।

PunjabKesari

5. पहाड़ी राज्य (हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर): बर्फबारी और ओले

हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मंडी और कांगड़ा में 29 मई तक बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट है। हवाएं 50 किमी/घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। उत्तराखंड के चमोली, रानीखेत और चंपावत में 28 से 30 मई के बीच भारी आंधी-बारिश और ओले गिरने से तापमान में भारी गिरावट आएगी। वहीं जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, पुंछ और रामबन के पहाड़ी इलाकों में मध्यम बारिश के साथ ओले गिरने की चेतावनी दी गई है।

PunjabKesari

6. झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत

झारखंड और बंगाल: रांची समेत झारखंड के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होगी जिससे तापमान गिरेगा लेकिन बिजली गिरने (Lightning) का खतरा बना रहेगा। बंगाल में भी भारी बारिश का अनुमान है।

इन राज्यों में भी बारिश: पश्चिमी विक्षोभ और मॉनसून के शुरुआती प्रभाव के कारण असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और केरल में भी झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News