Rain Alert: वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव, लोहड़ी पर 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट, अगले 3 दिन के लिए भारी वर्षा की चेतावनी, IMD का अपडेट

punjabkesari.in Monday, Jan 12, 2026 - 07:28 PM (IST)

नेशनल डेस्क: 13 जनवरी 2025 को उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में मौसम अचानक करवट लेने वाला है। सक्रिय हो रहे एक शक्तिशाली वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश, तेज हवाएं और घना कोहरा देखने को मिलेगा। लोहड़ी के दिन ठंड और खराब मौसम का दोहरा असर लोगों को परेशान कर सकता है।

उत्तर भारत में ठंड, बारिश और कोहरे का कहर

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पंजाब में 13 जनवरी को ‘कोल्ड डे’ की स्थिति बनी रहेगी। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता बेहद कम, कई जगह शून्य तक पहुंच सकती है। दिल्ली में दिनभर बादलों की आवाजाही रहेगी और न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। शाम के समय हल्की बूंदाबांदी लोहड़ी के जश्न में खलल डाल सकती है।

तीन दिन तक कई राज्यों में बरसेंगे बादल

मौसम विभाग ने बताया है कि 13, 14 और 15 जनवरी को तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, रायलसीमा, यनम, माहे, कराईकल, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बारिश के आसार हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और मध्य महाराष्ट्र में भी मौसम बिगड़ा रहेगा।

कहां-कहां जारी हुआ बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी गई है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, वाराणसी सहित कई जिलों में शीतलहर और घने कोहरे का डबल असर देखने को मिलेगा।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में जारी बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में ठंडी और बर्फीली हवाएं चलेंगी, जिससे ठंड और बढ़ जाएगी। घने कोहरे के चलते दिल्ली से आने-जाने वाली कई ट्रेनें और उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।

बेमौसम बारिश की वजह क्या है

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है, जिससे वातावरण में नमी बढ़ेगी और बेमौसम बारिश होगी। IMD ने अगले तीन दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश और पहाड़ों में हिमपात की चेतावनी जारी की है। बारिश के चलते तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, इसलिए लोगों को ठंड से बचाव की सलाह दी गई है।

तापमान का हाल – कहां कितना रहेगा पारा

13 जनवरी के अनुमानित तापमान के अनुसार:

  • दिल्ली और लखनऊ: अधिकतम 17°C, दिल्ली में न्यूनतम 5°C तक गिर सकता है

  • मनाली: न्यूनतम -12°C, अधिकतम केवल 2°C

  • नैनीताल: तापमान लगभग 4°C

  • पटना: न्यूनतम 9°C

  • जयपुर: रात का तापमान करीब 9°C

  • भोपाल: न्यूनतम 11°C

  • रांची: करीब 7°C

  • कोलकाता: अधिकतम 22°C

  • मुंबई: अधिकतम 29°C

  • चेन्नई: अधिकतम 28°C

लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने खासतौर पर बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचने की सलाह दी है। घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। आने वाले कुछ दिन देश के बड़े हिस्से में ठंड, बारिश और बर्फबारी के चलते चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News