ट्रेन में भूलकर भी न ले जाएं ये 6 खतरनाक चीजें! रेलवे ने दी सख्त चेतावनी, हो सकती है खतरनाक
punjabkesari.in Monday, Oct 13, 2025 - 02:37 PM (IST)
नेशनल डेस्क : दिवाली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारों के मद्देनजर ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ी तैयारी की है। रेल यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर 'होल्डिंग एरिया' (प्रतीक्षा क्षेत्र) बनाए गए हैं, जहां यात्रियों के लिए पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं। बांद्रा टर्मिनस, उधना, नई दिल्ली और सूरत जैसे व्यस्त स्टेशनों पर इन होल्डिंग एरिया को भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए तैयार किया गया है।
ट्रेन में न ले जाएं ये 6 खतरनाक चीजें!
यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, रेल मंत्रालय ने विशेष रूप से अपील की है कि वे ट्रेन में ज्वलनशील वस्तुएं (Inflammable Item) न ले जाएं। रेलवे ने 'X' पर पोस्ट कर चेतावनी दी है कि ऐसी चीजें ले जाना खतरनाक है और बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। पटाखे, मिट्टी का तेल, गैस सिलेंडर, चूल्हा, माचिस, सिगरेट (ज्वलनशील वस्तुएं)।
पहले भी जारी हो चुकी है गाइडलाइन
हादसों और अपराधों को रोकने के लिए, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पहले भी यात्रियों की सुरक्षा गाइडलाइन जारी कर चुका है। इसके तहत यात्रियों को निर्देश दिए गए थे कि अगर उन्हें ट्रेनों या स्टेशनों पर कोई पटाखे, ज्वलनशील या संदिग्ध वस्तु, या कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे, तो तुरंत RPF, GRP या रेलवे अधिकारियों को सूचित करें।
इसके अलावा, यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी कीमती चीजें हमेशा अपने पास और नजर में रखें, यात्रा के दौरान हल्का सामान लेकर चलें, सुरक्षा के लिए डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल करें और बच्चों के साथ हमेशा किसी बड़े व्यक्ति का होना सुनिश्चित करें।
