राहुल जी भारत का अपमान करना बंद करें, देश आपको बार-बार हराता है तो इसका गुस्सा विदेश जाकर न निकालें...BJP ने कसा तंज

punjabkesari.in Tuesday, Mar 07, 2023 - 03:22 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भाजपा ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के ब्रिटेन में भाषणों को लेकर आज गहरा रोष जाहिर किया और कहा कि राहुल गांधी अराजक एवं माओवादी विचारधारा के प्रभाव में हैं। भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी से सवाल किया कि क्या वे भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप के आह्वान से सहमत हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने यहां पार्टी के मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछा कि राहुल गांधी जी विदेश जाते ही आपको हो क्या जाता है? सारी मर्यादा, सारी शालीनता, लोकतांत्रिक शर्म... सब भूल जाते हैं।'' अब जब देश की जनता न उनको सुनती है... न समझती है तो विदेश में जाकर विलाप करते हैं की भारत का लोकतंत्र खतरे में हैं।

 

प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी ने हाल ही में भारत जोड़ो यात्रा निकाली, उसमें खूब भाषण दिए। संसद में एक कारोबारी समूह को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध ‘बहुत भद्दी' बातें कहीं। कहीं किसी ने नहीं रोका। उन्होंने कहा कि भाजपा बहुत ही दुख के साथ कहना चाहती है कि राहुल गांधी जी ने लंदन में अपने भाषणों में भारत के लोकतंत्र, संसद, राजनीतिक व्यवस्था और भारत की जनता समेत न्याय व्यवस्था और सामरिक सुरक्षा...सभी का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि देश में इस बात को लेकर आम सहमति है कि भारत के आंतरिक मामलों को लेकर विदेशी हस्तक्षेप नहीं हो सकता है। लेकिन बहुत ही गैर-जिम्मेदाराना एवं शर्मनाक है कि उन्होंने देश की इस भावना पर कुठाराघात किया है।

 

राहुल गांधी के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बारे में बयान की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि संघ ने देश सेवा, राष्ट्र भक्ति और राष्ट्र समर्पण के लिए बहुत बड़ा काम किया है। आज देश में सत्ता के शीर्ष में विराजमान लोग इसी विचारधारा के अनुयायी हैं। इसका उन्हें गर्व है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की आलोचना नेहरू जी भी करते थे, इंदिरा जी भी करती थीं, राजीव जी भी करते थे और राहुल जी भी करते हैं...संघ कहां से कहां पहुंच गया और आपकी पार्टी कहां से कहां सिमट गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News