शक्ति ऐप पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पूछेंगे राहुल गांधी, किसे बनाएं दिल्ली का अध्यक्ष?

punjabkesari.in Tuesday, Jan 08, 2019 - 07:00 PM (IST)

नेशनल डेस्कः दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद से अजय माकन के इस्तीफे के बाद अटकलों का बाजार गर्म हो गया है कि लोकसभा चुनाव के ठीक पहले राहुल गांधी दिल्ली जैसे महत्पूर्ण राज्य का जिम्मेदारी किसे सौंपते हैं। संभावितों में शीला दीक्षित, जेपी अग्रवाल से लेकर कई युवा नेताओं का नाम चर्चा में चल रहा है। इसी बीच मिली जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से खुद पूछेंगे कि दिल्ली की कमान किसे सौंपी जाए। इसके लिए पार्टी के शक्ति ऐप का इस्तेमाल किया जाएगा।

दिल्ली कांग्रेस के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी पार्टी के निम्नतम स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित करना चाहते हैं। वे कार्यकर्ताओं को यह एहसास भी दिलाना चाहते हैं कि वे पार्टी के शीर्ष निर्णय में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और उनकी आवाज खुद कांग्रेस अध्यक्ष के द्वारा सुनी जा रही है। इसी कोशिश के मद्देनजर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से शक्ति ऐप पर फोन करके पूछा जाएगा कि किसे दिल्ली का अध्यक्ष बनाना सही होगा। कांग्रेस दिल्ली प्रभारी पीसी चाको ने सोमवार को कहा कि राहुल गांधी 10 जनवरी के बाद विदेश जा रहे हैं और उनके विदेश जाने के पहले की अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो जाएगी।

अजय माकन के इस्तीफे को लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और आप के बीच होने वाले संभावित गठबंधन से भी जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जाता है कि माकन दिल्ली में आम आदमी पार्टी से गठबंधन के बिल्कुल खिलाफ हैं। पूर्व में उन्होंने कार्यकर्ताओं की एक बैठक कर करोलबाग में इस बात की स्पष्ट घोषणा की थी, कि वे खुद और पार्टी कार्यकर्ता किसी भी कीमत पर आप के साथ गठबंधन के पक्ष में नहीं है। उनका मानना है कि इससे पार्टी को दिल्ली की राजनीति में भविष्य में बड़ा नुकसान हो सकता है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News