लखीमपुर खीरी मामले पर बोले राहुल गांधी, हमेशा की तरह BJP अपराधियों को बचा रही है

punjabkesari.in Monday, Oct 03, 2022 - 05:25 PM (IST)

नेशनल डेस्क: लखीमपुर खीरी मामले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर से केंद्र सरकार पर हमला बोला। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि एक साल बीत गया, लेकिन लखीमपुर खीरी के शहीद किसानों को इंसाफ नहीं मिला। कारण वही- हमेशा की तरह BJP अपराधियों को बचा रही है. जब हमने भारत जोड़ो यात्रा करने का फैसला लिया, तब हमारे लिए किसान आंदोलन एक बड़ी प्रेरणा थी। अन्नदाताओं को न्याय दिलाए बिना ये संघर्ष खत्म नहीं होगा।

बता दें कि इससे पहले पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि कांग्रेस न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी समेत संयुक्त किसान मोर्चा की सभी मांगों का एक बार फिर से समर्थन करती है।

उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी हत्याकांड को आज एक साल हो गया। एक साल पहले कई किसानों को मार दिया गया था। मोदी सरकार के एक मंत्री इस षड्यंत्र में शामिल थे। आज भी वह मंत्रिपरिषद के सदस्य हैं। इससे अपमानजनक बात कुछ नहीं हो सकती कि ‘काले कानूनों’ के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को मारा गया और इसके दोषी मंत्री अपने पद पर बने हुए हैं। 

रमेश ने दावा किया कि भारत जोड़ो यात्रा का एक मकसद किसानों के लिए आर्थिक न्याय की मांग उठाना है। मोदी सरकार किसानों को आर्थिक न्याय देने में विफल रही है...मोदी सरकार कृषि क्षेत्र में निजी कंपनियों की भूमिका बढ़ा रही है। यह बहुत चिंताजनक बात है।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दौरे के खिलाफ किसान तीन अक्टूबर, 2021 को लखीमपुर-खीरी के तिकुनिया गांव में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और इसी दौरान कार से कुचलकर चार लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद की हिंसा में दो भाजपा कार्यकर्ताओं और एक पत्रकार सहित चार अन्य लोग मारे गए थे। हिंसा में मारे गए प्रदर्शनकारी केंद्र के उन तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे, जिन्हें बाद में सरकार ने वापस ले लिया था। अजय कुमार मिश्रा के पुत्र आशीष मिश्रा हिंसा के इस मामले में आरोपी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Recommended News

Related News