पश्चिम एशिया संघर्ष के नाजुक माहौल में भी 'नादानी' से बाज नहीं आ रहे राहुल गांधी: मोहन यादव

punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 05:40 PM (IST)

नेशनल डेस्क: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि वह पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के नाजुक माहौल में भी नादानी का परिचय देते हुए रसोई गैस को लेकर अनर्गल राजनीति कर रहे हैं। यादव, बुरहानपुर जिले के नेपानगर में जनजातीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा,''पश्चिम एशिया में जारी भीषण युद्ध में तेल के ठिकाने तबाह हो रहे हैं। युद्ध पूरे एशिया के मुहाने पर खड़ा है, लेकिन कांग्रेस ऐसे मुश्किल वक्त में भी रसोई गैस के मुद्दे पर अनर्गल राजनीति कर रही है।'' यादव ने कहा कि घरेलू और वाणिज्यिक उपयोग की रसोई गैस की भारत में कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा,''इस मामले में केवल कांग्रेस को कष्ट है जिसके नेता (रसोई गैस के मुद्दे पर) आंदोलन का नाटक कर रहे हैं।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि सबको पता है कि भारत को तेल और गैस के मामले में दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता है, लेकिन पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के नाजुक माहौल में भी लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी नादानी से बाज नहीं आ रहे हैं और अनर्गल राजनीति कर रहे हैं। यादव ने कहा कि अगर गांधी इसी तरह राजनीति करते रहे, तो कांग्रेस अगले 50 साल तक सत्ता से दूर रहेगी क्योंकि जनता सब जानती है।

उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध छिड़ने पर भी कांग्रेस नेता कथित रूप से अनर्गल बयान दे रहे थे, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युद्धग्रस्त क्षेत्रों में फंसे भारतीय विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकलवाया था। यादव ने कहा,''कांग्रेस नेता राहुल गांधी को न जाने कहां से ढूंढकर लाए हैं। गांधी लोकतंत्र का जब-तब मजाक बनाते रहते हैं।

जब भी भारत में चुनौतियां सामने आती हैं, वह विदेश में गुलछर्रे उड़ाते हैं। फिर वह कहते हैं कि लोकसभा में उन्हें बोलने का समय नहीं दिया जाता है।'' उन्होंने कहा कि गांधी जब भी संसद में बोलते हैं, कांग्रेस का बेड़ा गर्क कर देते हैं। मुख्यमंत्री ने जनजातीय सम्मेलन के दौरान बुरहानपुर जिले में कुल 363 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने पुरातत्व विभाग के साथ मिलकर असीरगढ़ के किले के जीर्णोद्धार और किले में पर्यटन सुविधाओं के विकास की घोषणा भी की। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News