RSS और Rahul Gandhi: भिवंडी कोर्ट में हुए पेश राहुल गांधी, RSS defamation case में बने नए जमानतदार

punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 11:27 AM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शनिवार को महाराष्ट्र के ठाणे जिले की भिवंडी मजिस्ट्रेट अदालत में पेश हुए। राहुल गांधी यहाँ अपने खिलाफ चल रहे RSS मानहानि मामले में एक नया ज़मानतदार (वह व्यक्ति होता है जो अदालत में किसी आरोपी की 'गारंटी' लेता है।)पेश करने के लिए पहुँचे थे।

क्यों पड़ी नए ज़मानतदार की ज़रूरत?

अदालत ने राहुल गांधी को नया ज़मानतदार पेश करने का निर्देश दिया था क्योंकि उनके पिछले ज़मानतदार, पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का पिछले साल दिसंबर में निधन हो गया था। कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार, पुराने ज़मानतदार के न रहने पर नया गारंटर नियुक्त करना अनिवार्य था।

हर्षवर्धन सकपाल बने नए ज़मानतदार

राहुल गांधी सुबह एयर इंडिया की उड़ान से मुंबई पहुँचे और वहां से सड़क मार्ग द्वारा भिवंडी कोर्ट के लिए रवाना हुए। उन्होंने महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (MPCC) के अध्यक्ष हर्षवर्धन सकपाल को मामले में नए ज़मानतदार के रूप में अदालत के सामने पेश किया। मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया था कि नई ज़मानत की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए राहुल गांधी का व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना आवश्यक है।

क्या है पूरा मामला?

यह मानहानि का मामला 2014 के लोकसभा चुनावों के दौरान का है। आरएसएस कार्यकर्ता राजेश कुंते ने राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि भिवंडी के सोनाले गाँव में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि महात्मा गांधी की हत्या के पीछे 'संघ' का हाथ था। इसी बयान को लेकर कुंते ने उन पर मानहानि का मुकदमा किया था।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

हाई-प्रोफाइल सुनवाई को देखते हुए ठाणे पुलिस ने अदालत परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी थी। एहतियात के तौर पर कोर्ट के 100 मीटर के दायरे में आने वाली सभी दुकानों को बंद रखा गया था।

सुनवाई और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, राहुल गांधी सड़क मार्ग से वापस मुंबई हवाई अड्डे के लिए रवाना हो गए, जहाँ से शाम लगभग 4 बजे उनकी दिल्ली वापसी का कार्यक्रम है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News