पुरी: 2km पैदल चलकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू, एयरपोर्ट पर दिया गया गॉर्ड ऑफ ऑनर
punjabkesari.in Thursday, Nov 10, 2022 - 03:08 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को ओडिशा की दो दिवसीय यात्रा पर भुवनेश्वर पहुंची। राष्ट्रपति का पद ग्रहण करने के बाद महामहिम मुर्मू की यह पहली ओडिशा यात्रा है। ओडिशा के राज्यपाल प्रो गणेश लाल, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और अन्य अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की, जहां उन्हें गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राष्ट्रपति मुर्मू बीजू पटनायक अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचने के बाद भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलदेव और बहन देवी सुभद्रा का दर्शन करने के लिए विशेष हेलीकॉप्टर से पुरी के लिए रवाना हुईं।
In a rare gesture, President Droupadi Murmu walked about two kilometers to seek the blessings of Lord Jagannath at Puri. Devotees greeted the President on her way to the temple. pic.twitter.com/b6C8IQQZnr
— President of India (@rashtrapatibhvn) November 10, 2022
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लेने के लिए करीब दो किलोमीटर की दूरी पैदल तय की। इस दौरान मंदिर जाते समय श्रद्धालुओं ने राष्ट्रपति का अभिनंदन भी किया। जगन्नाथ मंदिर मुख्य द्वार पर उनकी अगवानी मंदिर के मुख्य प्रशासक वीर विक्रम यादव, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य, जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक और राष्ट्रपति के पारिवारिक पुजारी ने की। उन्हें 12वीं सदी में निर्मित मंदिर में भगवान का दर्शन करने के लिए लेकर जाया गया, जहां पर उन्होंने पूजा-अर्चना की।
राष्ट्रपति श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर स्थित महालक्ष्मी और विमला जैसे मंदिरों में भी जाकर देवी-देवताओं का दर्शन किए। मंदिर में पूजा के बाद वे राजभवन के लिए रवाना होंगी, जहां वह महाप्रसाद प्राप्त करेंगी और दोपहर में अन्य कार्यक्रमों शामिल होने के लिए हेलीकॉप्टर से भुवनेश्वर के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति की यात्रा को ध्यान में रखते हुए ओडिशा सरकार ने भुवनेश्वर नगर निगम के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी कार्यालयों और सरकारी और निजी स्कूलों और कॉलेजों में आज दोपहर बाद एक बजे से आधे दिन का अवकाश घोषित किया है।