पंजाबी संगीत का भविष्य सबसे उज्जवल: विविन सचदेवा
punjabkesari.in Tuesday, May 09, 2023 - 03:01 PM (IST)

मुम्बई : टी. सीरीज के म्यूजिक सुपरवाइजर विविन सचदेवा का मानना है कि देश में तमाम तरह के म्यूजिक के लिए अपार संभावनाएं हैं, लेकिन पंजाबी म्यूजिक का भविष्य सबसे ज्यादा उज्जवल प्रतीत होता है। पंजाब केसरी के साथ विशेष बातचीत के दौरान विविन ने कहा कि पंजाबी एक ऐसी भाषा है, जिसमें सिंगर हर तरीके से अपनी भावनाएं व्यक्त कर सकता है और इस भाषा के शब्दों के साथ म्यूजिक की कंपोजिशन बखूबी फिट बैठती है।
भले ही वह गाना रोमांस से संबंधित हो या धार्मिक हो अथवा पॉप सांग हो। देश की फिल्म इंडस्ट्री में भी पंजाबी म्यूजिक को खूब पसंद किया जाता है क्योंकि पंजाबी म्यूजिक डायरैक्टर वैस्टर्न ट्रैंड को फालो करने के मामले में सबसे आगे हैं और पंजाबी गीतों में यह ट्रेंड फालो होने के बाद ही बाकी देशों में लागू होता है। इसका कारण यह है कि पंजाब के लोग यू.के., यू.एस.ए., कनाडा जैसे देशों में बसे हुए हैं और वहां से चलकर यह ट्रेंड पहुंचता है और इन देशों में बसने वाले पंजाबी संगीतकार और गायक इस ट्रैंड को पंजाब में लेकर आते हैं।
विविन सचदेवा खुद 2017 से टी. सीरीज में म्यूजिक सुपरवाइजर की भूमिका निभा रहे हैं और अपने इस करियर के दौरान उन्होंने पंजाबी संगीत के अलावा तमिल, तेलगु, हिंदी और कई अन्य भाषाओं में संगीत पर काम किया है, लेकिन उन्हें पंजाबी संगीत ज्यादा आकर्षक लगता है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसी इंडस्ट्री है, जहां महामारी के दौरान भी मंदी नहीं आई, क्योंकि संगीत दिल को सुकून देता है और कठिन समय में भी इन्सान संगीत के साथ जुड़ा रहता है। इसलिए देश में संगीत का भविष्य उज्जवल है। गीतों के कंपोजिशन की तकनीक इसकी वीडियो और गाने के तौर तरीके बदल सकते हैं, लेकिन इसमें लगातार सुधार जारी रहेगा और देश की म्यूजिक इंडस्ट्री लगातार करोड़ों संगीत प्रेमियों की सेवा करती रहेगी।