दिल्ली में CEC के खिलाफ दूसरे दिन भी प्रदर्शन, भारी पुलिस बल तैनात; कनॉट प्लेस में प्रदर्शनकारियों को हटाया
punjabkesari.in Sunday, Oct 11, 2026 - 09:52 PM (IST)
नई दिल्ली: मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार (11 अक्टूबर) को विरोध प्रदर्शन के दूसरे दिन भारी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आह्वान पर विभिन्न छात्र संगठनों और समर्थकों ने कनॉट प्लेस के इनर सर्कल और राजीव चौक के पास मार्च निकाला और CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की।
कनॉट प्लेस से 50 से अधिक प्रदर्शनकारी हिरासत में, पुलिस ने किया तितर-बितर
प्रदर्शन को रोकने और स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने कनॉट प्लेस इलाके से करीब 50 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस द्वारा गाड़ियों और खड़ी बसों की तरफ खींचकर ले जाते देखा गया, जबकि कई कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया।
जंतर-मंतर जाने की कोशिश में छात्र संगठनों के सदस्य डिटेन
प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पहुंचने से रोकने के लिए दिल्ली के कई महत्वपूर्ण हिस्सों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान जंतर-मंतर की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और क्रांतिकारी युवा संगठन (KYS) के सदस्यों सहित CJP समर्थकों को राजधानी के अलग-अलग इलाकों से हिरासत में ले लिया गया।
आरके आश्रम, CP मेट्रो स्टेशन और बंगला साहिब के पास से भी कार्रवाई
आरके आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन से मार्च निकाल रहे प्रदर्शनकारियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। वहीं CJP ने आरोप लगाया है कि उसके कार्यकर्ताओं को कनॉट प्लेस मेट्रो स्टेशन और गुरुद्वारा बंगला साहिब के पास से पकड़ा गया है। भारी पुलिस तैनाती के बावजूद इलाके में प्रदर्शनकारियों की मौजूदगी बनी हुई है।
