प्रियंका गांधी बोलीं- पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना विकास की कोशिश होनी चाहिए
punjabkesari.in Friday, Jun 21, 2024 - 03:41 PM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भीषण गर्मी और लू के कारण हुई कई मौतों पर चिंता व्यक्त करते हुए शुक्रवार को कहा कि विकास इस तरह से होना चाहिए कि पर्यावरण को नुकसान नहीं हो और लोगों की तरक्की भी हो सके। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘कई राज्यों में बड़ी संख्या में पेड़ काटे जाने संबंधी खबरें देखीं। दूसरी तरफ, गर्मी से पूरे देश में मौतें हो रही हैं। बढ़ता तापमान नये रिकॉर्ड बना रहा है। इस बार अप्रैल का महीना जलवायु के इतिहास में सबसे गर्म अप्रैल के रूप में दर्ज हुआ है।'' प्रियंका गांधी ने कहा कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन हमें ज्यादा से ज्यादा पर्यावरण को सुरक्षित रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘‘ हम सबको मिलकर ऐसे विकास की कोशिश करनी होगी, जो हमारे पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना हमें आगे बढ़ाए।''
कई राज्यों में बड़ी संख्या में पेड़ों के काटे जाने से जुड़ीं खबरें देखीं। दूसरी तरफ, गर्मी से पूरे देश में मौतें हो रही हैं। बढ़ता तापमान नये रिकॉर्ड बना रहा है। इस बार अप्रैल का महीना जलवायु के इतिहास में सबसे गर्म अप्रैल के रूप में दर्ज हुआ है।
विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन…
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) June 21, 2024
वहीं, पेपर लीक मामले में प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के शासन में ‘पेपर लीक' होना राष्ट्रीय समस्या बन गया है और सत्तारूढ़ पार्टी का भ्रष्टाचार देश को कमजोर कर रहा है। प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘देश में पिछले 5 सालों में 43 भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं। भाजपा राज में पेपर लीक हमारे देश की राष्ट्रीय समस्या बन गया है जिसने अब तक करोड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। सबसे ज्यादा युवा आबादी हमारे पास है। भाजपा की सरकार हमारे इन युवाओं को कुशल और सक्षम बनाने की जगह उन्हें कमजोर बना रही है।''
देश में पिछले 5 सालों में 43 भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं। भाजपा राज में पेपर लीक हमारे देश की राष्ट्रीय समस्या बन गया है जिसने अब तक करोड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है।
भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। सबसे ज्यादा युवा आबादी हमारे पास है। भाजपा की सरकार हमारे इन…
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) June 21, 2024
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘करोड़ों होनहार छात्र दिन-रात मेहनत से पढ़ाई करते हैं, अलग-अलग परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, माता-पिता, तन-पेट काटकर पढ़ाई का बोझ उठाते हैं। बच्चे सालों तक रिक्तियां आने का इंतजार करते हैं। भर्ती आती है तो फॉर्म भरने का खर्चा, परीक्षा देने जाने का खर्चा, और अंत में सारा प्रयत्न भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है।'' प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा का भ्रष्टाचार देश को कमजोर कर रहा है।