प्रधानमंत्री मोदी आज कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन को करेंगे संबोधित, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Oct 04, 2024 - 05:21 AM (IST)

नेशनल डेस्क : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन में भाग लेंगे। यह सम्मेलन हरित परिवर्तन के लिए वित्तपोषण, भू-आर्थिक विखंडन और विकास के लिए लचीलापन बनाए रखने के लिए नीतिगत कार्रवाई के सिद्धांतों जैसे विषयों पर केंद्रित होगा। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बृहस्पतिवार को एक बयान में यह जानकारी दी। कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन का यह तीसरा संस्करण है जो छह अक्टूबर को समाप्त होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय विद्वान तथा नीति निर्माता भारतीय अर्थव्यवस्था और ‘ग्लोबल साउथ' की अर्थव्यवस्थाओं से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे। सम्मेलन में दुनिया भर के वक्ता भाग लेंगे।

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें- 
अरविंद केजरीवाल आज मुख्यमंत्री आवास खाली करेंगे

आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास खाली कर देंगे और लुटियन की दिल्ली में सांसदों के लिए बने एक बंगले में चले जाएंगे। पार्टी ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। पिछले महीने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले केजरीवाल अपने परिवार के साथ पंजाब से पार्टी के राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल के आधिकारिक आवास पर रहेंगे, जो मंडी हाउस के पास फिरोजशाह रोड पर स्थित है। यह आवास रविशंकर शुक्ला लेन स्थित आप मुख्यालय के समीप है। केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने दिल्ली के लोगों से ‘‘ईमानदारी का प्रमाण पत्र'' लेने के लिए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया है। उन्होंने कहा कि जब वह लोगों का विश्वास जीत लेंगे, तभी इस पद पर वापस आ जाएंगे। अगले साल फरवरी में दिल्ली विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।

रेलवे कर्मचारियों को मोदी सरकार ने दिया बड़ा तोहफा
नवरात्रि के पहले दिन, मोदी कैबिनेट ने एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है, जिससे लाखों रेलवे कर्मचारियों को खुशी मिली है। आज गुरुवार को हुई एक विशेष बैठक में, रेलवे कर्मचारियों के लिए 78 दिनों का बोनस देने की घोषणा की गई। केंद्र सरकार ने रेलवे कर्मचारियों के लिए 2029 करोड़ रुपये की प्रोडक्टिविटी से जुड़ी बोनस योजना को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत, कर्मचारियों को उनके कामकाज और उत्पादकता के आधार पर यह बोनस दिया जाएगा। इस फैसले का लाभ करीब 12 लाख रेलवे कर्मचारियों को मिलेगा। यह बोनस कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण वित्तीय मदद होगी, खासकर नवरात्रि जैसे त्योहार के समय। सरकार का यह निर्णय न केवल कर्मचारियों के आर्थिक स्थिति में सुधार लाने में मदद करेगा, बल्कि यह रेलवे कर्मचारियों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें अपने कार्य में और अधिक प्रेरणा मिलेगी।

नवरात्रि के पहले दिन कालकाजी मंदिर में बड़ा हादसा
दिल्ली के कालकाजी मंदिर में एक बड़ा हादसा हुआ, जिसमें 9वीं कक्षा के एक छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद मची भगदड़ में 7 लोग घायल हो गए। यह घटना नवरात्रि के दौरान तब हुई जब मंदिर में हैलोजन लाइट्स लगाई गई थीं। जानकारी के अनुसार, एक हैलोजन लाइट का बिजली का तार टूटकर मंदिर की लोहे की रेलिंग पर गिर गया, जिससे रेलिंग में करंट उतर गया। उस समय वहां मौजूद लोगों को करंट का झटका लगा, और अचानक चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हादसे के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिख रहा है कि आसपास मौजूद लोगों ने बच्चों और महिलाओं को उठाकर एंबुलेंस की ओर दौड़ाया। घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां एक बच्चे को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य 7 लोगों की हालत अब स्थिर है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देश के 10 राज्यों में बारिश और मौसम की चेतावनी, IMD ने किया अलर्ट
देश के कई राज्यों में मानसून खत्म हो चुका है, लेकिन कुछ जगहों पर अब भी रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने गुरुवार दोपहर बताया कि तूफानी मौसम के साथ 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। मन्नार की खाड़ी और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के अधिकांश हिस्सों में तेज हवा चलेगी, जिसका असर यूपी, बिहार और एनसीआर पर भी पड़ेगा। यहां 5 और 6 अक्टूबर को बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों को अगले सात दिन पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी की तरफ न जाने की सलाह दी है। अगले 6-7 दिनों में माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तेज बारिश होने की उम्मीद है। इसके अलावा, 4 अक्टूबर को केरल, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज बारिश होगी।

अब बिना बैंक अकाउंट वाले भी कर सकेंगे UPI पेमेंट
गूगल ने अपने पेमेंट प्लेटफॉर्म, गूगल पे के लिए एक नया फीचर "UPI Circle" लॉन्च करने की घोषणा की है। यह फीचर नेशनल पेमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) द्वारा पेश किया गया है, जिससे अब बिना बैंक अकाउंट वाले लोग भी UPI पेमेंट कर सकेंगे। गूगल पे भारत में सबसे लोकप्रिय UPI ऐप में से एक है और यह नया फीचर जल्द ही GPay यूजर्स के स्मार्टफोन में उपलब्ध होगा। आइए जानते हैं UPI Circle क्या है और यह कैसे काम करता है। UPI Circle एक डेलिगेटेड पेमेंट सर्विस है, जो UPI पेमेंट को और भी आसान और लचीला बनाती है। इसमें एक UPI यूजर अपने परिवार के सदस्यों या रिश्तेदारों को अपने साथ जोड़ सकता है, चाहे उनके पास अपना बैंक अकाउंट न हो। यह फीचर उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी है, जो किसी और पर कैश के लिए निर्भर रहते हैं। UPI Circle में जुड़ने के बाद, ये लोग भी डिजिटल पेमेंट करने में सक्षम होंगे।

स्कूल वाहन में छह वर्षीय दो छात्राओं का यौन उत्पीड़न
पुलिस ने पुणे शहर में छह वर्षीय दो छात्राओं का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक स्कूल वाहन के 45 वर्षीय चालक को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह घटना 30 सितंबर को स्कूल वैन में उस समय हुई जब शहर के वानवाड़ी इलाके में बच्चे घर लौट रहे थे। अधिकारी ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उस समय वैन में कोई महिला सहायिका मौजूद थी या नहीं। वानवाड़ी पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया, ‘‘आरोपी ने कथित तौर पर दोनों लड़कियों के निजी अंगों को छुआ। बाद में एक छात्रा ने अपनी मां को घटना के बारे में बताया, जिसने पुलिस को सूचित किया और इसके बाद मामला दर्ज किया गया।'' अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में बुधवार को पुलिस में शिकायत दर्ज की गई और आरोपी संजय रेड्डी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64 (बलात्कार के लिए सजा) और 65 (2) (बारह साल से कम उम्र की बच्ची से बलात्कार के लिए सजा) एवं यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

4,5 और 6 अक्टूबर को लिए सभी स्कूल रहेंगे बंद, सरकार ने जारी किया आदेश
हरियाणा के छात्रों और अभिभावकों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना आई है। राज्य सरकार ने आधिकारिक रूप से घोषणा की है कि आज यानि 4 अक्टूबर और 5 अक्टूबर 2024 को सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। इसी के साथ 6 अक्टूबर को रविवार होने के कारण छुट्टी है। यह निर्णय हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए लिया गया है। इस संबंध में संबंधित जिलों के जिला प्रशासन द्वारा लिखित आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए, प्रशासन ने यह फैसला लिया है कि सभी स्कूलों को बंद रखा जाएगा। दरअसल, कई स्कूलों को मतदान केंद्र के रूप में स्थापित किया गया है। स्कूलों में मतदान केंद्र स्थापित करने के लिए आवश्यक तैयारियों के लिए प्रशासन को समय चाहिए। इसलिए, स्कूलों को एक दिन पहले से ही बंद करने का निर्णय लिया गया है।

5 साल में 2 लाख रुपये पर मिलेगा शानदार ब्याज
अगर आप अपने पैसों को सुरक्षित रखने के साथ-साथ बेहतर रिटर्न की तलाश में हैं, तो पोस्ट ऑफिस की टाइम डिपॉजिट स्कीम आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। यह स्कीम न केवल सुरक्षित है, बल्कि इसमें मिलने वाला ब्याज भी आकर्षक है, जो इसे अन्य निवेश विकल्पों की तुलना में खास बनाता है। पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट स्कीम एक बचत योजना है, जो भारतीय पोस्टल विभाग द्वारा संचालित की जाती है। यह योजना उन लोगों के लिए है जो अपने पैसे को सुरक्षित रखना चाहते हैं और निश्चित समयावधि में बेहतर रिटर्न चाहते हैं। इस स्कीम में निवेश की कोई उम्र की सीमा नहीं है, यानी बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक कोई भी इस योजना का लाभ उठा सकता है।

फिरोजशाह रोड बंगला केजरीवाल का नया आवास होगा
आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल शुक्रवार से लुटियंस दिल्ली के फिरोजशाह रोड स्थित बंगला नंबर पांच में रहेंगे। आप मुख्यालय के नजदीक स्थित यह बंगला आधिकारिक तौर पर पंजाब से पार्टी के राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल को आवंटित किया गया था। इससे पहले दिन में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया राजेंद्र प्रसाद रोड स्थित एक बंगले में रहने चले गए। पार्टी नेताओं ने बताया कि यह आवास आप के राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह का आधिकारिक आवास था। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने एक संवाददाता सम्मेलन में संवाददाताओं को बताया, ‘‘केजरीवाल शुक्रवार को पंजाब से आप सदस्य अशोक मित्तल के 5, फिरोजशाह रोड स्थित आवास में चले जाएंगे।'' भारद्वाज ने कहा कि केजरीवाल द्वारा उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस में 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित आवास को छोड़ने का फैसला करने के बाद सांसदों, विधायकों और पार्षदों समेत पार्टी के कई नेताओं ने उन्हें अपने आवास देने की पेशकश की थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News