राष्ट्रपति मुर्मू का दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरा आज से, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Monday, Mar 27, 2023 - 06:21 AM (IST)

नेशनल डेस्कः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार से पश्चिम बंगाल का दो दिवसीय दौरा करेंगी। इस दौरान वह विश्वभारती के वार्षिक दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए शांति निकेतन जाएंगी। राष्ट्रपति सोमवार को सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि देने के लिए कोलकाता में नेताजी भवन जाएंगी। 
PunjabKesari
दिल्ली आबकारी नीति घोटाला : ईडी के समन के खिलाफ कविता की याचिका पर SC में सुनवाई आज 
उच्चतम न्यायालय भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की वरिष्ठ नेता एवं तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता की उस याचिका पर सोमवार को सुनवाई करेगा, जिसमें उन्होंने दिल्ली आबकारी नीति घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से उन्हें जारी समन को चुनौती दी है और अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने का अनुरोध किया है। 

गोवा: विधानसभा का पांच दिवसीय बजट सत्र आज से होगा शुरू  
गोवा विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू होगा और 31 मार्च को समाप्त होगा। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत मंगलवार को वित्त वर्ष 2023-24 के लिए राज्य का बजट पेश कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि 30 मार्च को रामनवमी के कारण सदन की बैठक नहीं होगी। 

राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य ठहराए जाने से कांग्रेस और मजबूत होगी: चिदंबरम 
पूर्व वित्त मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य ठहराए जाने से कांग्रेस और मजबूत होगी और अगले साल आम चुनावों में उसे इसका लाभ मिलेगा।

दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस को नहीं दी ‘सत्याग्रह' करने की अनुमति, राजघाट के आसपास धारा-144 लागू 
दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस को राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ राजघाट पर ‘सत्याग्रह' करने की अनुमति नहीं दी। दिल्ली पुलिस ने एक पत्र में कहा कि कानून-व्यवस्था एवं यातायात संबंधी कारणों से इस अनुरोध को खारिज किया गया और राजघाट में एवं इसके आसपास दंड प्रक्रिया संहिता (CRPC) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। 

पहली भारतीय महिला सैनिक सियाचीन में संभाल रही मोर्चा, PM मोदी ने भी की तारीफ 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महिलाएं और बेटियां भारत के सपनों को पूरा कर रहे हैं और नारी शक्ति ही भारत की प्राण वायु है। मोदी ने रविवार को आकाशवाणी पर अपने मासिक कार्यक्रम मन की बात के 99वें संस्करण में राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपना परचम लहरा रहीं हैं और अपना अलग स्थान बना रही हैं। ऐसी सभी महिलाएं, बेटियां भारत और भारत के सपनों को ऊर्जा दे रही हैं। नारीशक्ति की ये ऊर्जा ही विकसित भारत की प्राणवायु है।

प्रियंका के सियासी हमलों पर BJP का पलटवार- खुद को कानून से ऊपर समझता है गांधी परिवार 
राहुल गांधी की सांसदी जाने के बाद कांग्रेस ने रविवार को देश में सत्याग्रह किया। इस दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। वहीं, भाजपा ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि गांधी परिवार खुद को कानून से ऊपर समझता है। भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने भाजपा मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि गांधी परिवार को अपने लिए दो विधान चाहिए। कांग्रेस ये सत्याग्रह कोर्ट के फैसले के विरोध में कर रही है। सत्याग्रह के नाम पर दुराग्रह है। 

'शहीद प्रधानमंत्री का बेटा कभी देश का अपमान नहीं कर सकता'...भाई राहुल गांधी को लेकर 'सत्याग्रह' में इमोशनल हुईं प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को कहा कि देश को जोड़ने के लिए हज़ारों किलोमीटर चलने वाला शहीद प्रधानमंत्री का बेटा कभी भी देश का अपमान नहीं कर सकता है। वहीं कांग्रेस ने पार्टी के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ रविवार को राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन किया। वाड्रा यहां महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पर एक सभा को संबोधित कर रही थीं। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News