राष्ट्रपति ने केजरीवाल को नियुक्त किया दिल्ली का CM, छह मंत्रियों के साथ लेंगे शपथ

punjabkesari.in Friday, Feb 14, 2020 - 10:02 PM (IST)

नेशनल डेस्कः राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शुक्रवार को अरविंद केजरीवाल को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री नियुक्त किया। केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) हाल के विधानसभा चुनाव में 70 में से 62 सीटें जीती है। सरकारी अधिसूचना के अनुसार राष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री की सलाह पर छह विधायकों को मंत्री भी नियुक्त किया है। सोलह फरवरी को केजरीवाल के साथ जो छह मंत्री भी शपथ लेंगे वे मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और राजेंद्र गौतम हैं।
PunjabKesari
अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘ राष्ट्रपति को श्री अरविंद केजरीवाल को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का मुख्यमंत्री नियुक्त करते हुए खुशी हो रही है। उनकी नियुक्ति शपथ ग्रहण के दिन से प्रभावी होगी।'' एक अन्य अधिसूचना के अनुसार राष्ट्रपति ने अपने मंत्रिपरिषद के साथ केजरीवाल द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री के पद से दिये गये इस्तीफे को तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया है।
PunjabKesari
अधिसूचना के अनुसार लेकिन नये मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण कर लेने तक केजरीवाल मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करते रहेंगे। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप ने 70 में 62 सीटें जीती थी और भाजपा महज आठ सीट जीत पायी थी। कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था। केजरीवाल रविवार को मुख्यमंत्री पद का शपथ लेंगे।
PunjabKesari
रामलीला ग्राउंड में शपथग्रहण की तैयारियां जोरों पर
​​​​​​तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री का पद रविवार को संभालने जा रहे अरविंद केजरीवाल के शपथ ग्रहण समारोह की यहां ऐतिहासिक रामलीला मैदान में जोर शोर से तैयारियां चल रही हैं। नौकरशाह से नेता बने 51 वर्षीय केजरीवाल के लिए अन्ना हजारे के नेतृत्व वाले इंडिया एगेंस्ट करप्शन आंदोलन के दौरान आंदोलन स्थली रहे इस मैदान को सजाया जा रहा है तथा पार्टी कार्यकर्ता तैयारी में जुटे हुए हैं।
PunjabKesari
करीब करीब 2015 जैसा ही प्रदर्शन कर केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने हाल के दिल्ली विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज कर सत्ता बरकरार रखी है और मुख्य विपक्षी भाजपा को जबर्दस्त झटका दिया है। सीएए विरोध के बीच हुए इस चुनाव में कांग्रेस का सूफड़ा साफ हो गया । आप ने दिल्ली विधानसभा की 70 में 62 सीटें जीती।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News