प्रेमानंद जी महाराज की तबियत खराब, भक्तों में छाई मायूसी

punjabkesari.in Friday, Apr 18, 2025 - 07:58 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  देशभर में अपने प्रवचनों और आध्यात्मिक ज्ञान के लिए प्रसिद्ध प्रेमानंद जी महाराज इन दिनों स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। किडनी की बीमारी के चलते उनका डायलिसिस जारी है और वे पिछले तीन दिनों से अपनी पदयात्रा में हिस्सा नहीं ले पा रहे हैं। महाराज की बिगड़ी तबीयत की खबर सुनते ही उनके लाखों भक्तों में मायूसी फैल गई है। दूर-दूर से दर्शन की आस में आए श्रद्धालुओं की आंखें नम हैं और हर कोई बस यही प्रार्थना कर रहा है कि वे जल्द स्वस्थ होकर फिर से भक्तों के बीच लौटें।

दूर-दूर से आए थे दर्शन के लिए

देश के कोने-कोने से प्रेमानंद महाराज के भक्त उनके दर्शन के लिए पहुंचे थे। लेकिन जब उन्हें पता चला कि महाराज अस्वस्थ हैं और पदयात्रा में नहीं आ पाएंगे, तो वे निराश हो गए। कई भक्तों की आंखें नम हो गईं। कुछ भावुक होकर फूट-फूटकर रोने लगे।

राजस्थान से आई महिला तीन दिन से कर रही इंतजार

राजस्थान से आई एक महिला भक्त ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से प्रेमानंद महाराज के दर्शन की प्रतीक्षा कर रही थी। जब उसे पता चला कि महाराज बीमार हैं और इस समय किसी से नहीं मिल सकते, तो वह भावुक हो गई। वह कहती हैं, "बस एक झलक भर देख लूं, यही मनोकामना है।"

भावुक हुए भक्त, की प्रार्थना

प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर भक्तों में गहरी चिंता है। हर कोई यही प्रार्थना कर रहा है कि महाराज जल्द स्वस्थ हो जाएं और पहले की तरह भक्तों के बीच लौटें। एक भक्त ने कहा, "हमने कभी नहीं सोचा था कि दर्शन के लिए आकर वापस खाली लौटना पड़ेगा। लेकिन हम महाराज की सलामती के लिए रोज प्रार्थना कर रहे हैं।"

क्या हुआ है प्रेमानंद महाराज को

जानकारी के मुताबिक, प्रेमानंद महाराज को किडनी की बीमारी है और उनका डायलिसिस चल रहा है। ऐसे में डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी है। इसी कारण वे पदयात्रा में भाग नहीं ले पा रहे हैं। फिलहाल उनकी सेहत पर करीबी से नजर रखी जा रही है।

दर्शन की आस में अब भी रुके हैं कुछ भक्त

हालांकि बड़ी संख्या में भक्त लौट गए हैं, लेकिन कुछ भक्त अभी भी रुके हुए हैं और इस आस में बैठे हैं कि शायद महाराज कुछ ही दिनों में दर्शन देंगे। उनका मानना है कि महाराज की कृपा से वे जरूर ठीक होंगे और जल्द ही भक्तों को दर्शन देंगे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News