तेजस्वी के इस्तीफे को लेकर महागठबंधन में सियासी खींचतान जारी

punjabkesari.in Wednesday, Jul 12, 2017 - 08:15 PM (IST)

पटना: केन्द्रीय जांच ब्यूरो(सीबीआई) की छापेमारी के बाद बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन के बड़े घटक राष्ट्रीय जनता दल(राजद) और जनता दल यूनाइटेड(जदयू) में उप मख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के इस्तीफे को लेकर सियासी खींचतान जारी है। महागठबंधन के प्रमुख घटक जदयू के मुख्य प्रवक्ता एवं विधान परिषद के सदस्य संजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अब तक जितने भी दागी मंत्री रहे हैं, उनसे इस्तीफा लिया है। इसके कई उदाहरण भी हैं। उन्होंने उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव का नाम लिए बगैर कहा कि यदि किसी को इशारा समझ में नहीं आ रहा है तो वह क्या  कर सकते हैं।

जदयू के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि चांद में दाग तो हो सकता है लेकिन मुख्यमंत्री कुमार में नहीं। उन्होंने अपने विशेष अंदाज में कहा कि इशारों को अगर समझो, राज को राज रहने दो। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में पार्टी की जीरो टॉलरेंस की नीति रही है। जदयू के ही प्रदेश प्रवक्ता एवं विधान परिषद के सदस्य नीरज कुमार ने कहा कि सीबीआई के आरोपों पर राजद बिन्दुवार जवाब दें। मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) का राजद पर आरोप लगाना जहां राजनीतिक पक्ष है वहीं राजद को अपने नेताओं के ऊपर लगे आरोपों पर सफाई देना होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कुमार ने कभी भी अपनी छवि से समझौता नहीं किया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News