PM मोदी शनिवार को राजस्थान और गुजरात का दौरा करेंगे

punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 04:41 PM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को राजस्थान और गुजरात का दौरा करेंगे। इस दौरान वह बालोतरा में देश के पहले 'ग्रीनफील्ड एकीककृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल परिसर' और साणंद में सेमीकंडक्टर असेंबली और परीक्षण केन्द्र का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री जोधपुर से राजस्थान के अपने दौरे की शुरुआत करेंगे, जहां वह जोधपुर हवाईअड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के मकसद से संशोधित 'उड़ान' योजना की शुरुआत करेंगे। आधिकारिक बयान के मुताबिक, 480 करोड़ रुपये की लागत से बने नए हवाईअड्डा टर्मिनल को सालाना 20 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता के साथ तैयार किया गया है। 23,000 वर्ग मीटर से ज्यादा इलाके में फैले इस टर्मिनल में यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं और कई अन्य विशेषताएं शामिल हैं।

बयान के अनुसार, संशोधित 'उड़ान' योजना के तहत, केंद्र सरकार ने अगले 10 वर्षों में क्षेत्रीय विमानन सेवाओं का विस्तार करने के लिए 28,840 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं। एक विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री बाद में बालोतरा जाएंगे, जहां वह लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे, साथ ही एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। राजस्थान के बालोतरा में पचपदरा रिफाइनरी परियोजना का उद्घाटन अप्रैल में मोदी द्वारा किया जाना था, लेकिन उद्घाटन से एक दिन पहले भीषण आग लगने के कारण इसे टाल दिया गया था। विज्ञप्ति के अनुसार, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) और राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम वाली यह रिफाइनरी 79,450 करोड़ रुपये की लागत से बनी है।

मोदी जयपुर मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के दूसरे चरण की आधारशिला भी रखेंगे, जिसकी अनुमानित लागत 13,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है। 41 किलोमीटर लंबे उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर में 36 स्टेशन होंगे। प्रधानमंत्री चूरू-सादुलपुर और चूरू-रतनगढ़ रेल दोहरीकरण परियोजनाओं को देश को समर्पित करेंगे। इसके अलावा, वह एनएच-125ए जोधपुर रिंग रोड खंड-2 (करवार-डांगियावास) परियोजना के तहत फोर-लेन सड़क का भी उद्घाटन करेंगे। मोदी एसजेवीएन लिमिटेड के 1,000 मेगावाट क्षमता वाली बीकानेर सौर ऊर्जा परियोजना को भी जनता को समर्पित करेंगे। दौरे में प्रधानमंत्री राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में हाल ही में भर्ती हुए लगभग 54,000 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे।

गुजरात में, प्रधानमंत्री साणंद में 'सीजी सेमी आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट' केन्द्र का उद्घाटन करेंगे। एक बयान में कहा गया कि इस केंद्र में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू होने के साथ ही, भारत की सेमीकंडक्टर विनिर्माण यात्रा में यह एक अहम पड़ाव है। बयान में कहा गया है कि पूरी तरह चालू होने पर, इस सुविधा की सालाना उत्पादन क्षमता पांच अरब सेमीकंडक्टर चिप तक होगी और यह मेमोरी और स्टोरेज समाधानों की बढ़ती वैश्विक मांग को पूरा करने में मदद करेगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News