PM मोदी ने स्वदेश निर्मित तीन युद्धपोतों को नौसेना में किया शामिल

punjabkesari.in Sunday, Jun 21, 2026 - 11:47 AM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह पर स्वदेश निर्मित तीन पोतों को रविवार को नौसेना में शामिल किया। स्वदेश निर्मित प्रथम पंक्ति के इन तीन पोतों- 'स्टील्थ फ्रिगेट' 'दूनागिरि', बड़े सर्वेक्षण पोत 'संशोधक' और पनडुब्बी रोधी युद्धपोत 'अग्रय'- से समुद्री युद्ध, जल सर्वेक्षण और पनडुब्बी रोधी युद्ध से जुड़ी नौसेना की अभियानगत क्षमताएं बढ़ेंगी।

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन समेत कई गणमान्य व्यक्ति पोतों को नौसेना में शामिल किए जाने के समारोह में शामिल हुए। इन पोतों का डिजाइन भारतीय नौसेना के 'वॉरशिप डिजाइन ब्यूरो' ने तैयार किया है और इनका निर्माण कोलकाता स्थित सार्वजनिक क्षेत्र की रक्षा कंपनी 'गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड' ने किया है।

एक अधिकारी ने बताया कि इन पोतों में 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल किया गया है और इनके निर्माण में 200 से अधिक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) समेत भारतीय उद्योग ने व्यापक भागीदारी की है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News