PM मोदी आज से करेंगे हिमाचल में चुनावी प्रचार, विजय संकल्‍प रैली को करेंगे संबोधित, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढे़ं देश की बड़ी खबरें

Saturday, Sep 24, 2022 - 03:45 PM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के छोटी काशी (मंडी) के ऐतिहासिक पड्डल मैदान से विधानसभा के लिए चुनाव प्रचार का शंखनाद करेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर उनका स्वागत करेंगे। इस दौरान मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। मोदी पड्डल मैदान में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की युवा विजय संकल्प रैली को संबोधित करेंगे।



मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढे़ं देश की बड़ी खबरें-  

माता का आशीर्वाद पाने बूढ़ी काली की शरण में जाएंगे शाह, करेंगे पूजा अर्चना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार में सीमांचल के दौरे पर हैं। अमित शाह इस दौरे में बिहार के ऐतिहासिक मंदिर में जाकर पूजा अर्चना करेंगे। अमित शाह देश के पहले गृह मंत्री है जो बूढ़ी काली माता मंदिर में मां का आशीर्वाद लेने आ रहे हैं। शनिवार की सुबह 9.30 बजे अमित शाह मंदिर आएंगे और करीब 15 मिनट यहां रुकेंगे। शाह का माता के दर्शन करने के साथ प्रसाद चढ़ाने का कार्यक्रम है। 

नोएडा, ग्रेटर नोएडा में सभी स्कूलों में आठवीं तक की कक्षाएं रहेंगी निलंबित 
गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन ने शुक्रवार को घोषणा की कि बारिश के चलते नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में आठवीं तक की कक्षाएं शनिवार को निलंबित रहेंगी। जिला प्रशासन ने इससे पहले लगातार बारिश के मद्देनजर स्कूलों को शुक्रवार के लिए बंद करने की घोषणा की थी। 

प्रधानमंत्री बनने की चाह में नीतीश कुमार ने भाजपा को दिया धोखा: शाह 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर शुक्रवार को आरोप लगाया कि उन्होंने प्रधानमंत्री बनने की अपनी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस से हाथ मिलाकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को धोखा दिया। शाह ने दावा किया कि भाजपा राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार गठित करेगी। 

डॉ. रणदीप गुलेरिया की जगह अब डॉ. M श्रीनिवास होंगे दिल्ली AIIMS के नए डायरेक्टर
दिल्ली AIIMS के डायरेक्टर डॉ. रणदीप गुलेरिया की जगह अब नए डायरेक्टर डॉ. एम श्रीनिवास होंगे। हैदराबाद स्थित ईएसआईसी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के डीन एम. श्रीनिवास को दिल्ली स्थित आखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का नया निदेशक नियुक्त किया गया है। कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

शिंदे गुट को झटका, उद्धव ठाकरे को मिली शिवाजी पार्क में दशहरा रैली की इजाजत
बॉम्बे हाई कोर्ट ने उद्धव ठाकरे को दादर के शिवाजी पार्क में दशहरा रैली की इजाजत दे दी है। इसके साथ ही कोर्ट ने उद्धव ठाकरे के आवेदन को रद्द करने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को भी फटकार भी लगाई है। कोर्ट का यह आदेश शिंदे सरकार के लिए झटका माना जा रहा है। 

वैज्ञानिकों का बड़ी भविष्यवाणी, महामारी का अंत नजदीक, बीत गया सबसे बुरा दौर
क्या कोविड महामारी से प्रभावित हमारे जीवन का सबसे बुरा दौर बीत चुका है? कुछ वैज्ञानिकों का यही मानना है। दुनियाभर में दो साल से ज्यादा समय तक कोविड-19 द्वारा जिंदगी के हर पहलू पर अपना असर छोड़ने के बाद शायद पहली बार ऐसा कहा जा रहा है। वैज्ञानिकों का कहना है कि महामारी भले ही समाप्त हो गई है लेकिन कोविड हमारे बीच मौजूद रहेगा। भारत और दुनियाभर में संक्रमण के मामले धीरे-धीरे घट रहे हैं।

कुर्मी आंदोलन: चौथे दिन भी रेल सेवाएं ठप; अब तक 205 ट्रेन रद्द
कुर्मी आंदोलन के तहत दक्षिण पूर्वी रेलवे के कस्तौर और खेमासुली स्टेशन पर शुक्रवार को चौथे दिन भी रेल नाकेबंदी जारी रही। इसके चलते अब तक कम से कम 205 मेल, एक्सप्रेस और यात्री ट्रेन रद्द हुई हैं। कुर्मियों ने अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिए जाने और कुरमाली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर पहली बार 20 सितंबर को बंगाल और पड़ोसी राज्यों में रेल तथा सड़क जाम करने का आह्वान किया था।

अर्बन नक्सलियों ने सालों रोका सरदार सरोवर बांध का कामः PM मोदी 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राजनीतिक समर्थन प्राप्त ‘‘शहरी नक्सलियों व विकास विरोधी तत्वों'' ने गुजरात में नर्मदा नदी पर सरदार सरोवर बांध के निर्माण को कई वर्षों तक रोके रखा और यह कहते हुए अभियान चलाते रहे कि यह पर्यावरण को नुकसान पहुंचाएगा। पीएम ने विभिन्न राज्यों के पर्यावरण मंत्रियों से आग्रह किया कि सुनिश्चित करें कि व्यवसाय को सुगम बनाने या जीवन को आसान बनाने वाली परियोजनाओं को केवल पर्यावरण के नाम पर अनावश्यक रूप से रोका ना जाए। 


 

Pardeep

Advertising