'PM मोदी छात्रों से मांफी मांगें...', CJP Protest के दौरान हुए लाठीचार्ज पर राहुल गांधी ने दिया बड़ा बयान
punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 12:57 PM (IST)
नेशनल डेस्क: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी युवक कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुलिस लाठीचार्ज में घायल हुए छात्रों से मिलने मंगलवार को राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचे। राहुल गांधी के साथ इस दौरान पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल भी मौजूद थे। तीनों नेताओं ने अस्पताल में भर्ती घायल छात्रों का हालचाल जाना और उनका हौसला बढ़ाया। इससे पहले राहुल गांधी ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से कहा था कि देश में छात्रों के भविष्य को कुचला जा रहा है और अपनी आवाज उठाने वाले युवाओं पर लाठियां बरसायी जा रही हैं।

इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छात्रों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने छात्रों की मांग को सही बताया और कहा कि सरकार को पेपर लीक की घटनाओं की जिम्मेदारी लेनी चाहिए और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से इस्तीफा देना चाहिए। इस बीच युवा कांग्रेस ने अपने अभियान‘छात्रों की गूंज'के तहत दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान लाठीजार्ज में घायल छात्रों के लिए हेल्पलाइन जारी की है। संगठन ने कहा है कि जिन छात्रों को रहने की व्यवस्था, भोजन, चिकित्सीय सहायता या कानूनी मदद की आवश्यकता है, वे 8826970690, 9211452848 और 9827048238 पर संपर्क कर सकते हैं।

संगठन ने कहा कि छात्र सोशल मीडिया एक्स पर के माध्यम से भी सहायता मांग सकते हैं। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि पेपर लीक के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल लोकतंत्र पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि संगठन दिल्ली में किसी भी तरह की परेशानी का सामना कर रहे प्रत्येक छात्र के साथ खड़ा है तथा जरूरतमंद छात्रों को रहने की व्यवस्था, भोजन, चिकित्सा और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।
