PM Modi का ''फ्री रेवड़ी कल्चर'' को लेकर तंज, कहा- ये देश विकास के लिए नुकसानदायक

punjabkesari.in Saturday, Jul 16, 2022 - 06:49 PM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मुफ्त में सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली  राजनीति की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि यह ‘‘रेवड़ी कल्चर'' देश के विकास के लिए ''बहुत घातक'' है। मोदी ने करीब 14,850 करोड़ रुपये की लागत से बने 296 किलोमीटर लंबे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का शनिवार को जालौन जिले की उरई तहसील के कैथेरी गांव में उद्घाटन  करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस एक्सप्रेसवे से ना सिर्फ वाहनों को गति मिलेगी बल्कि यह बुंदेलखंड में विकास को भी गति प्रदान करेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से चित्रकूट से दिल्ली की दूरी तीन-चार घंटे कम हो गई है, लेकिन इसका फायदा इससे कहीं ज्यादा है। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश में सपर्क साधनों की कमी को लेकर पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ‘‘डबल-इंजन'' की सरकार अब तेजी से बेहतर कनेक्टिविटी के साथ राज्य में बड़ा बदलाव सुनिश्चित कर रही है।

मोदी ने इस पर जोर दिया कि ऐसा कोई काम नहीं होना चाहिए जो देश के वर्तमान आकांक्षाओं और बेहतर भविष्य से जुड़ा हुआ नहीं है। प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी फैसले या नीति के पीछे की सोच सिर्फ देश के विकास को गति देने वाली होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि देश के विकास पर नकारात्मक प्रभाव डालने वाली सभी चीजों को दूर रखा जाए।

मोदी ने कहा कि देश के पास विकास का बहुत सुन्दर अवसर है और उसे हाथ से नहीं जाने देना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘इस दौर में हमें अधिकतम विकास सुनिश्चित करना चाहिए और देश को नयी ऊंचाइयों पर ले जाकर नये भारत का निर्माण करना चाहिए।''

प्रधानमंत्री ने कहा कि नये भारत के समक्ष भी चुनौतियां हैं, जिन्हें अगर अभी नजरअंदाज किया जाए तो आने वाली पीढ़ियों के लिए नुकसानदेह साबित होंगी। उन्होंने कहा, ‘‘आपका वर्तमान बर्बाद हो जाएगा और भविष्य अंधकार में डूब जाएगा। सतर्क रहना जरूरी है।'' मोदी ने कहा, ‘‘आज हमारे देश में ‘रेवड़ियां' बांट कर वोट जुटाने की संस्कृति जड़ जमा रही है। यह ‘रेवड़ी कल्चर' देश के विकास के लिए बहुत घातक है। देश के लोगों खास तौर से युवाओं को इस संस्कृति के खिलाफ सतर्क रहने की जरूरत है।''

मोदी ने कहा कि ये ‘रेवड़ी कल्चर' वाले कभी आपके लिए नए एक्सप्रेसवे नहीं बनाएंगे, नए हवाई अड्डे या डिफेंस कॉरिडोर नहीं बनाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘ रेवड़ी कल्चर वालों को लगता है कि जनता जनार्दन को मुफ्त की रेवड़ी बांटकर, उन्हें खरीद लेंगे। हमें मिलकर उनकी इस सोच को हराना है, ‘रेवड़ी कल्चर' को देश की राजनीति से हटाना है।''

मोदी की यह टिप्पणी लोगों में मुफ्त चीजें बांटने का वादा करने, खास तौर से चुनावों से ठीक पहले, वाले राजनीतिक दलों के लिए थी। उन्होंने कहा, ‘‘रेवड़ी कल्चर से दूर, हम नयी सड़कें और रेल रूट बनाकर लोगों की आकांक्षाएं पूरी कर रहे हैं।'' मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था और तेजी से सुधार के साथ बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में ‘‘डबल इंजन'' सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ‘‘डबल इंजन'' शब्द का इस्तेमाल केंद्र और राज्य में पार्टी के सत्ता में होने का उल्लेख करने के लिए करते हैं। मोदी ने कहा कि देश जिस विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है उसके मूल में दो पहलू हैं- ‘‘इरादा और मर्यादा''। उन्होंने कहा, ‘‘हम न केवल वर्तमान के लिए नयी सुविधाएं बना रहे हैं बल्कि देश का भविष्य भी बना रहे हैं।''

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘जिस उत्तर प्रदेश में रायबरेली रेल कोच फैक्ट्री, सिर्फ डिब्बों का रंग-रोगन करके काम चला रही थी, उस उत्तर प्रदेश में अब बुनियादी ढांचे पर इतनी गंभीरता से काम हो रहा है कि उसने अच्छे-अच्छे राज्यों को भी पछाड़ दिया है। पूरे देश में अब उत्तर प्रदेश की पहचान बदल रही है।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News