PM मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- इनका एजेंडा अपने सहयोगियों का ‘इस्तेमाल करने और फेंक देने'' का है

punjabkesari.in Sunday, Mar 17, 2024 - 11:35 PM (IST)

नेशनल डेस्क : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस और ‘इंडिया' गठबंधन पर निशाना साधते हुए रविवार को आरोप लगाया कि विपक्षी दल का एजेंडा अपने सहयोगियों का "इस्तेमाल करने और फेंक देने" का है। मोदी ने पलनाडु जिले के बोप्पुडी गांव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आंध्र प्रदेश में मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली वाईएसआर कांग्रेस पार्टी और राज्य में कांग्रेस पार्टी दोनों एक ही हैं और एक परिवार के सदस्यों द्वारा संचालित हैं।

मोदी ने कहा, "आंध्र प्रदेश के मेरे भाइयों और बहनों, यह सोचने की गलती कभी न करें कि आंध्र में जगन की पार्टी (आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी की वाईएसआरसीपी) और कांग्रेस पार्टी अलग-अलग हैं। दोनों एक ही हैं। इन पार्टियों को एक परिवार के सदस्य ही चला रहे हैं।" उन्होंने कहा, ''राजग में हम सभी को साथ लेकर चलते हैं, लेकिन दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी का एकमात्र एजेंडा सहयोगियों का इस्तेमाल करने और फेंक देने का है। आज कांग्रेस को मजबूरी में ‘इंडी' गठबंधन (इंडिया गठबंधन) बनाना पड़ा, लेकिन उनकी सोच यही है।''

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आप देख सकते हैं कि केरल में वाम और कांग्रेस एक-दूसरे से क्या कहते हैं। बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और वाम एक-दूसरे के खिलाफ क्या कहते हैं और पंजाब में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) एक-दूसरे के खिलाफ किस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं। चुनाव से पहले जो लोग अपने फायदे के लिए इस तरह से लड़ते हैं, तो चुनाव के बाद क्या करेंगे, आप अंदाजा लगा सकते हैं।'' मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) क्षेत्रीय आकांक्षाओं को साथ लेकर देश की प्रगति के लिए काम कर रहा है तथा चुनाव के बाद तीसरे कार्यकाल के दौरान देश कई और ‘‘बड़े फैसले'' लेगा। 

तेदेपा संस्थापक एवं आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन टी रामा राव (एनटीआर) की याद करते हुए, प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि तेलुगु लोग कभी नहीं भूल सकते कि उन्होंने भगवान राम और भगवान कृष्ण की भूमिकाओं को कैसे निभाया और उन्हें पर्दे पर लगभग जीवंत कर दिया। मोदी ने कहा कि हालांकि, ‘एनटीआर', जिन्होंने अपने पूरे जीवन में किसानों और गरीब लोगों के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी, उन्हें कांग्रेस पार्टी से परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा दक्षिणी राज्य के गौरव और सम्मान का अपमान किया है जबकि राजग सरकार ने हमेशा इसके गौरव का सम्मान किया।

उन्होंने याद दिलाया कि राजग सरकार ने ‘एनटीआर' के शताब्दी समारोह के तहत उनके सम्मान में स्मारक सिक्के जारी किए थे। मोदी ने कहा कि इसी तरह, राजग सरकार ने तेलुगु धरती के बेटे एवं पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिंहराव को मरणोपरांत भारत रत्न दिया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर उनका अपमान करने का आरोप लगाया। अधिक विस्तार में बताए बिना, उन्होंने कहा कि यह भाजपा और राजग ही है जिसने पार्टी विचारधारा से ऊपर उठकर देश के समर्पित नेताओं का हमेशा सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्ष के दौरान देश में 25 करोड़ लोगों को गरीबी के दायरे से बाहर निकाला गया है।

मोदी ने कहा, ‘‘कल लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की गई। पूरा देश कहता है कि चार जून (मतगणना के दिन) को (राजग की कुल सीटें) 400 पार हो जाएंगी।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि राजग का लक्ष्य ‘विकसित भारत' और ‘विकसित आंध्र प्रदेश' का निर्माण है। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश में ‘डबल इंजन' वाली राजग सरकार राज्य का त्वरित विकास सुनिश्चित करेगी। मोदी ने कहा कि पूरी दुनिया में राजग नीत सरकार के विकास कार्यों की चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में आंध्र प्रदेश की जनता ने दो बड़ी चीजों का संकल्प लिया है।

उन्होंने कहा कि पहला यह कि लोगों ने केंद्र में राजग सरकार को वापस सत्ता में लाने का फैसला किया है और वे यहां राज्य सरकार से इतने नाराज हैं कि उन्होंने इसे सत्ता से बेदखल करने का भी मन बना लिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी की सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मंत्रियों के बीच भ्रष्टाचार में लिप्त होने की होड़ मची हुई है। मोदी ने आरोप लगाया, ''यहां राज्य सरकार के मंत्रियों के बीच भ्रष्टाचार पर प्रतिस्पर्धा चल रही है।'' इस बीच, तेदेपा प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने मोदी और देश का नेतृत्व करने की उनकी क्षमता की प्रशंसा की।

नायडू ने लोगों से वोट देने का आह्वान करते हुए कहा, "मोदी कोई इंसान नहीं हैं, वह भारत को विश्वगुरु बनाने वाली शक्ति हैं। मोदी का मतलब विकास, कल्याण, भविष्य है। वह इस दुनिया के महानतम नेताओं में से एक हैं।'' उन्होंने मोदी के नेतृत्व में आंध्र प्रदेश में चीजों को ठीक करने के लिए राज्य में और केंद्र में राजग को वोट करने की अपील की। जनसेना प्रमुख पवन कल्याण ने कहा कि मोदी आंध्र प्रदेश में राम राज्य स्थापित करने जा रहे हैं और कुरुक्षेत्र की लड़ाई शुरू हो गई है। उन्होंने लोगों से राजग का समर्थन करने का आह्वान किया और कहा कि अंतिम जीत नैतिकता और सदाचार की होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News