वडोदरा में PM मोदी का बड़ा बयान, 2,800 KM से ज्यादा डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पूरा
punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 01:17 PM (IST)
गुजरात: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा में ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि देश में 2,800 किलोमीटर से अधिक लंबे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर प्रोजेक्ट का काम पूरा हो गया है। यह 21वीं सदी के भारत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
पीएम मोदी ने कहा कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर इस बात का साक्षी है कि बीते 12 वर्षों में देश की काम करने की संस्कृति में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर 2004 में विचार शुरू हुआ था और 2006 में इसके लिए विशेष कंपनी बनाई गई, लेकिन 2014 तक फाइलें ही एक मेज से दूसरी मेज तक घूमती रहीं। प्रधानमंत्री ने कहा, “2014 तक 7-8 वर्ष में 1 किलोमीटर फ्रेट कॉरिडोर पर भी काम नहीं हो पाया था।” उन्होंने कहा कि 2014 के बाद सरकार ने इस परियोजना को गति देने का काम शुरू किया और आज इसका बड़ा हिस्सा पूरा हो चुका है।
आदिवासी क्षेत्रों तक पहुंच रही रेल
पीएम मोदी ने कहा कि फ्रेट कॉरिडोर के साथ-साथ अब भारत में रेल उन क्षेत्रों तक भी पहुंच रही है, जहां दशकों तक रेल कनेक्टिविटी नहीं थी। गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के आदिवासी क्षेत्रों को भी रेल से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में बजट में एक-दो ट्रेनों की घोषणा होती थी और पूरे साल उसका ढोल पीटा जाता था, जबकि आज देश में लगातार नई ट्रेनें शुरू की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वडोदरा के कार्यक्रम में भी कई नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई गई है।
विकसित भारत के लिए तेज कनेक्टिविटी पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्होंने लाल किले से विकसित भारत के लिए ‘संकल्प की सप्त धारा’ का आह्वान किया था, जिसमें गति शक्ति भी एक महत्वपूर्ण धारा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए ऐसी कनेक्टिविटी जरूरी है, जो सुगम होने के साथ-साथ समय की जरूरत के अनुसार तेज भी हो। पीएम मोदी ने कहा कि देश के विकास से जुड़ी हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। उन्होंने वडोदरा के नागरिकों द्वारा स्वच्छता और स्वागत अभियान चलाने की भी सराहना की और शहर के लोगों को बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि बेहतर रेल और लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
