PM मोदी का बड़ा संदेश: यूक्रेन और पश्चिम एशिया में शांति के लिए भारत करेगा हर सार्थक प्रयास का समर्थन
punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 01:55 PM (IST)
नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को पोलैंड के अपने समकक्ष डोनाल्ड टस्क के साथ व्यापक बातचीत के बाद कहा कि भारत यूक्रेन और पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने के हर सार्थक प्रयास का समर्थन करता रहेगा।
पोलैंड के प्रधानमंत्री टस्क यूक्रेन में संघर्ष समाप्त करने के लिए वैश्विक स्तर पर नए सिरे से किए जा रहे प्रयासों के बीच तीन दिवसीय भारत यात्रा पर आए हैं। बातचीत के बाद मीडिया को दिए बयान में मोदी ने कहा कि भारत और पोलैंड के बीच रणनीतिक साझेदारी का विस्तार करने के लिए कई फैसले लिए गए हैं और दोनों देश आपसी सहयोग को व्यापक स्तर पर बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मोदी ने कहा, ''हमने रक्षा, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्रों में संबंधों को गहरा करने पर सहमति जताई है। हम पोलैंड की कंपनियों को इन सभी रणनीतिक क्षेत्रों में भारत के साथ मिलकर प्रौद्योगिकी विकसित करने और संयुक्त रूप से उत्पादन करने के लिए आमंत्रित करते हैं।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों की बढ़ती आर्थिक ताकत ने भारत-पोलैंड साझेदारी के लिए नए अवसर पैदा किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते से दोनों देशों के आर्थिक संबंध और मजबूत होंगे।
मोदी ने कहा, ''भारत और पोलैंड, दोनों लोकतांत्रिक मूल्यों और कानून के शासन में विश्वास करते हैं। हमारा मानना है कि वैश्विक शासन संस्थाओं को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए उनमें सुधार जरूरी है।'' उन्होंने कहा, ''यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, भारत शांति की दिशा में किए जाने वाले हर सार्थक प्रयास का समर्थन करता रहेगा।''
