राजग सरकार ने महिलाओं के लिए ऐसा माहौल बनाया कि वे अपनी पूरी क्षमता दिखा सकें: PM मोदी
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 01:30 PM (IST)
नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के प्रयास सम्मान, अवसर और सशक्तीकरण पर आधारित हैं और इनसे ऐसा माहौल बनाने में मदद मिली है जहां महिलाएं अपनी पूरी क्षमता दिखा सकती हैं तथा राष्ट्र निर्माण में और अधिक मजबूती से योगदान दे सकती हैं। मोदी ने कहा कि राजग सरकार ने पिछले 12 वर्ष में महिलाओं के नेतृत्व में विकास को आगे बढ़ाने के लिए काम किया है और यह विभिन्न क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन और उद्यमिता से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता, आवास, खेल, विज्ञान और शासन तक महिलाएं अलग-अलग क्षेत्रों में प्रमुख भूमिका निभा रही हैं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''राजग सरकार के प्रयास सम्मान, अवसर और सशक्तीकरण पर आधारित हैं। इनसे ऐसा माहौल बनाने में मदद मिली है जहां महिलाएं अपनी पूरी क्षमता दिखा सकती हैं और राष्ट्र निर्माण में और अधिक मजबूती से योगदान दे सकती हैं।''
<
Over the last 12 years, the NDA Government has worked to further women-led development. And, this is visible across sectors.
— Narendra Modi (@narendramodi) June 12, 2026
From financial inclusion and entrepreneurship to education, healthcare, sanitation, housing, sports, science and governance, women are playing a…
>
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें यह देखकर विशेष खुशी होती है कि भारत की नारी शक्ति विज्ञान, अंतरिक्ष और नवोन्मेष जैसे क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही है। उन्होंने कहा कि ड्रोन प्रौद्योगिकी जैसे नए क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी अवसरों के नए रास्ते खोल रही है और देशभर में विकास की तस्वीर बदल रही है। उन्होंने कहा, ''हमारी सरकार स्वयं सहायता समूहों को सक्रिय रूप से समर्थन दे रही है जो महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।'' मोदी सरकार ने सत्ता में 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं।
मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। वह देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री बने जिनका जन्म स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद हुआ है। उनका दूसरा कार्यकाल 30 मई 2019 को शुरू हुआ तथा 2024 के लोकसभा चुनाव में एक और निर्णायक जीत के बाद उन्होंने नौ जून 2024 को प्रधानमंत्री पद की लगातार तीसरी बार शपथ ली। मोदी ने 1952 के आम चुनावों के बाद निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सत्ता में रहने के मामले में देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिन के रिकॉर्ड को भी बुधवार को तोड़ दिया। नेहरू 1947 से 1952 तक अंतरिम सरकार के प्रमुख रहे थे क्योंकि 1952 तक चुनाव नहीं हुए थे।
