'सभी महिलाओं-बहनों से माफी मांगता हूं...' लाइव होकर बोले प्रधानमंत्री

punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 08:42 PM (IST)

नेशनल डेस्क : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि महिला आरक्षण संशोधन विधेयक उनकी सरकार का एक नेक प्रयास था, जिसे द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और कांग्रेस ने "नफरत एवं ओछी राजनीति का निशाना" बनाकर पटरी से उतार दिया। शुक्रवार को लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक के पारित न हो पाने पर तमिलनाडु की सत्तारूढ़ द्रमुक और कांग्रेस को विशेष रूप से निशाना बनाते हुए प्रधानमंत्री ने पूछा, "आम महिलाओं को आगे बढ़ते देखकर द्रमुक और कांग्रेस को क्या परेशानी होती है?"

मोदी ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से विपक्षी दलों से विधेयक का समर्थन करने की अपील की थी और यहां तक ​​कि उन्हें इसका श्रेय देने की पेशकश भी की थी क्योंकि "मैं केवल यह चाहता था कि साधारण परिवारों की बहनें अच्छी संख्या में संसद और विधानसभाओं में आएं।" उन्होंने आरोप लगाया, "लेकिन दुर्भाग्य से, यह नेक प्रयास विफल हो गया। द्रमुक, कांग्रेस और उनके सहयोगियों ने इसे नफरत और ओछी राजनीति का निशाना बना दिया।" यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर यह विधेयक पारित हो जाता, तो साधारण परिवारों की कई तमिल महिलाएं सांसद और विधायक बन जातीं।

मोदी ने कहा कि 2011 की जनगणना के आधार पर, तमिलनाडु को लोकसभा में और भी कई सीट मिलने वाली थीं, "लेकिन स्पष्ट रूप से द्रमुक ऐसा नहीं चाहती थी''। बहरहाल, द्रमुक की करतूतें अब पूरी तरह से उजागर हो चुकी हैं। काले कपड़े पहनकर द्रमुक अपने गलत इरादों को छिपा नहीं सकती। मोदी ने कहा, "मैं द्रमुक को बताना चाहता हूं कि लोग आपकी काली करतूतों से वाकिफ हैं, अब आप अपने काले कारनामों से बच नहीं सकते। मैं आप सभी को आश्वस्त करता हूं कि यह हमारी लड़ाई का अंत नहीं है, बल्कि यह तो बस शुरुआत है। भाजपा-राजग आपके लिए काम करना जारी रखेंगे।" उन्होंने कांग्रेस और द्रमुक की ओर इशारा करते हुए आरोप लगाया, "आम महिलाओं को आगे बढ़ते देखकर द्रमुक और कांग्रेस को क्यों परेशानी होती है? ये परिवारवादी पार्टियां सत्ता को अपने ही परिवार तक सीमित रखना चाहती हैं।"

मोदी ने तमिलनाडु की महिलाओं से अपील की कि वे द्रमुक से पूछें कि उन्होंने उस विधेयक का विरोध क्यों किया जो उनका प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए बनाया गया था, और उन्होंने "तमिल महिलाओं को इस सुनहरे अवसर से क्यों वंचित किया"। प्रधानमंत्री ने चुनाव के दिन का जिक्र करते हुए कहा, "23 अप्रैल को उन्हें एक स्पष्ट और सशक्त संदेश दें।" उन्होंने आरोप लगाया कि द्रमुक के पास दिखाने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है और न ही उठाने के लिए कोई वास्तविक मुद्दे हैं। उन्होंने कहा, "इसीलिए उन्होंने तमिलनाडु की संसदीय सीटों में कटौती को लेकर डर फैलाना शुरू कर दिया।

द्रमुक ने पहले कहा था कि वर्तमान आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली को बरकरार रखा जाना चाहिए और हमने भी यही प्रस्ताव रखा था, लेकिन उन्होंने अपना रुख बदल लिया।" मोदी ने दावा किया कि तमिलनाडु में महिलाएं और यहां तक ​​कि युवतियां भी अपराधियों से सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि द्रमुक राज्य में हिंसा और अपराध को बढ़ावा देकर महिलाओं को नुकसान पहुंचा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि संसद में भी वे (द्रमुक) महिलाओं के साथ खड़े नहीं होते। उन्होंने दावा किया कि द्रमुक को लेकिन उसकी महिला-विरोधी मानसिकता का जवाब जरूर मिलेगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News