रक्षाबंधन पर PM मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं, स्कूली छात्राओं ने बांधी राखी

punjabkesari.in Friday, Aug 28, 2026 - 03:51 PM (IST)

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को लोगों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और कामना की कि यह त्योहार सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता लेकर आए। वार्षिक परंपरा को जारी रखते हुए, स्कूली छात्राओं ने 7 लोक कल्याण मार्ग पर स्थित प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास जाकर उनकी कलाई पर 'राखी' बांधी। प्रधानमंत्री ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें और एक वीडियो साझा किया, जिसमें बच्चों को राखी बांधते हुए देखा जा सकता है।

PunjabKesari

वीडियो में वह युवा आगंतुकों के साथ गर्मजोशी से बातचीत करते और उनसे हाथ मिलाते नजर आए। मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''रक्षाबंधन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में खुशहाली, समृद्धि और सफलता लेकर आए।  मोदी ने कहा, ''स्नेह, अपनत्व और आपसी विश्वास की डोर सदैव अटूट बनी रहे, यही कामना है। उन्होंने कहा, ''7, लोक कल्याण मार्ग पर रक्षा बंधन समारोह के कुछ यादगार पल। यह त्योहार स्नेह और सौहार्द के बंधन को और मजबूत करे। यह सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आए।

PunjabKesari

एक बच्चे ने प्रधानमंत्री से पूछा कि बचपन में उनका सपना क्या था, मोदी ने जवाब दिया, ''आप लोगों से मिलना''। रक्षाबंधन हिंदुओं का प्रमुख त्योहार है, जो भाई-बहन के प्रेम और आपसी स्नेह के रिश्ते को समर्पित है। इस अवसर पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रंग-बिरंगी राखी बांधती हैं, जो भाई की सुख-समृद्धि और कुशलता की कामना का प्रतीक होती है। इसके बदले भाई बहनों को उपहार देते हैं और हर परिस्थिति में उनकी रक्षा करने का संकल्प लेते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News