जाम्बिया के राष्ट्रपति हाकाइंडे हिचिलेमा की बड़ी जीत, PM मोदी ने दी बधाई ; विपक्ष के आरोपों के बीच दोबारा बने प्रेसिडेंट
punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 11:15 PM (IST)
नई दिल्ली/लुसाका: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जाम्बिया के राष्ट्रपति हाकाइंडे हिचिलेमा को दोबारा राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट साझा करते हुए कहा 'जाम्बिया के राष्ट्रपति के तौर पर दोबारा चुने जाने पर राष्ट्रपति हाकाइंडे हिचिलेमा को हार्दिक बधाई।' पीएम मोदी ने आगे कहा, वह राष्ट्रपति हिचिलेमा के नेतृत्व में भारत-जाम्बिया संबंधों को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने को लेकर उत्सुक हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी जताई।
Heartiest Congratulations to President Hakainde Hichilema on being re-elected as the President of Zambia.
— Narendra Modi (@narendramodi) August 20, 2026
India greatly values its multifaceted partnership with Zambia and I look forward to working together to further strengthen our relations under his leadership. @HHichilema
हाकाइंडे हिचिलेमा को मिला दूसरा कार्यकाल
जाम्बिया के निर्वाचन आयोग ने मंगलवार सुबह घोषणा की कि राष्ट्रपति हाकाइंडे हिचिलेमा पांच साल के दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से निर्वाचित हो गए हैं। पिछले गुरुवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव में उन्होंने एकतरफा जीत दर्ज की, जिसके कारण किसी रन-ऑफ (दोबारा मतदान) की आवश्यकता नहीं पड़ी। चुनाव में पड़े कुल 50 लाख वोटों में से हिचिलेमा को 61.4 प्रतिशत यानी 29,65,326 वोट हासिल हुए। उनके सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी और विपक्षी नेता ब्रायन मुंडुबिले को 18,56,217 वोट (लगभग 38 प्रतिशत) मिले। निर्वाचन आयोग की अध्यक्ष म्वांगला जालौमिस ने आधिकारिक तौर पर हिचिलेमा को जाम्बिया गणराज्य का नवनिर्वाचित राष्ट्रपति घोषित किया।
तनाव और गिरफ्तारियों के बीच हुआ चुनाव
इस चुनाव पर सबकी नजरें टिकी हुई थीं और मतगणना के दौरान काफी तनावपूर्ण माहौल देखा गया। पिछले शुक्रवार को कुछ मतदान केंद्रों के अधिकारियों पर हमले और मत पत्रों की चोरी के कारण मतगणना रोकनी पड़ी थी, जिसे बाद में भारी सुरक्षा के बीच फिर से शुरू किया गया। इसके साथ ही, चुनाव की रात राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने के आरोप में विपक्ष के कई बड़े नेताओं को गिरफ्तार किया गया, जिसकी पुष्टि सरकार ने भी की है।
