विशेष सत्र के बीच PM मोदी ने बुलाई कैबिनेट बैठक, महिला आरक्षण को लेकर हो सकता है बड़ा फैसला

punjabkesari.in Monday, Sep 18, 2023 - 05:08 PM (IST)

नेशनल डेस्कः संसद के विशेष सत्र के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। यह बैठक शाम साढ़े छह बजे संसद भवन के एनेक्सी भवन मे होगी। बैठक में महिला आरक्षण बिल पर बड़ा फैसला लिया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, पांच दिवसीय विशेष सत्र के दौरान मोदी सरकार संसद में महिला आरक्षण विधेयक पेश कर सकती है। करीब 27 साल से लंबित महिला आरक्षण विधेयक अटका पड़ा है और अब सरकार इस पर यह बड़ा कदम उठाने वाली है। 
PunjabKesari
कांग्रेस समेत कुछ विपक्षी दलों ने सोमवार को सरकार से संसद के चालू सत्र में महिला आरक्षण विधेयक पेश करने और इसे सर्वसम्मति से पारित कराने का आग्रह किया, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सवाल उठाया कि 57 साल तक शासन में रहने वाली मुख्य विपक्षी पार्टी ने इस विषय पर क्या किया।
PunjabKesari
संसद के पांच दिवसीय सत्र के पहले दिन दोनों सदनों में ‘संविधान सभा से शुरू हुई 75 वर्षों की संसदीय यात्रा - उपलब्धियां, अनुभव, यादें और सीख' विषय पर चर्चा शुरू हुई। लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस विषय पर अपने संबोधन में कहा कि पिछले 75 वर्ष में भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी उपलब्ध यह रही कि सामान्य जन का संसद पर विश्वास बढ़ता गया।
PunjabKesari
सदन में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने उक्त विषय पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए कहा कि उनकी नेता सोनिया गांधी के प्रयास से राज्यसभा में एक बार संबंधित महिला आरक्षण विधेयक पारित हो चुका था, लेकिन अब समय आ गया है कि सत्ता पक्ष महिलाओं को विधायिका में 33 प्रतिशत आरक्षण दिये जाने संबंधित विधेयक इस सत्र में पेश करे और इसे मूर्त रूप देने में भूमिका निभाए। उन्होंने विपक्षी दलों को अपने विचार रखने के लिए भी एक दिन तय करने का अनुरोध किया। तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंदोपाध्याय और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सुप्रिया सुले ने भी देश की आधी आबादी के प्रतिनिधित्व को बढ़ाने वाले विधेयक को मूर्त रूप देने की मांग सरकार से की। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News

Recommended News