पासवान का कांग्रेस पर बड़ा आरोप, हमेशा गिराई दूसरे दलों की सरकारें

punjabkesari.in Friday, Jul 20, 2018 - 08:29 PM (IST)

नई दिल्लीः लोक जनशक्ति पार्टी के नेता राम विलास पासवान ने कांग्रेस पर गैर कांग्रेसी सरकारों को गिराने का आरोप लगाते हुए कहा है कि जिस पार्टी ने देश में 55 साल तक एकक्षत्र शासन किया हो उसकी सरकार महज दो-तीन राज्यों में ही बची हो इसके कारणों के बारे में उसे जरूर सोचना चाहिए।

लोकसभा में मोदी सरकार के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए श्री पासवान ने कहा कि मोदी सरकार गरीबों के हितों के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अलग अलग समय में देश में 55 साल तक शासन किया लेकिन मोदी सरकार ने 50 महीने में वह सब कार्य कर लिए हैं जो कांग्रेस नहीं कर पायी।

उन्होंने कहा, पहले कहते थे अंग्रेज शासन का सूर्य अस्त नहीं होता, इसी तरह से हमारे यहां हमेशा कांग्रेस की सरकारें रही हैं लेकिन आज वह सिर्फ पुद्दुचेरी और पंजाब सहित तीन राज्यों में सिमट कर रही गयी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी युवा हैं और उन्हें पार्टी को मजबूत करने के लिए मेहनत करनी चाहिए और साथ ही यह भी सोचना चाहिए कि आखिर पार्टी इस स्थिति में क्यों पहुंची है। इस पर विचार करने के साथ ही उन्हें यह भी ध्यान रखना होगा कि वह मेहनत करते रहें लेकिन 2019 में प्रधानमंत्री पद के लिए वैकेंसी नहीं है।

पासवान ने कहा कि देश में महिला आरक्षण की बात हो रही है लेकिन इस व्यवस्था को लागू करने में समाज वादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की नकारात्मक भूमिका रही है। उनके कारण ही देश में महिला आरक्षण लागू नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका में दलितों को जगह मिलनी चाहिए। पासवान ने आरोप लगाया कि जजों की नियुक्ति के लिए कोलेजियम सिस्टम है और उसमें पारदर्शिता नहीं है। देश में प्रशासनिक सेवा की तरह जजों की नियुक्ति के लिए भारतीय न्यायिक सेवा का गठन किया जाना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News