येशु येशु वाला पास्टर बजिंदर सिंह भागा नेपाल, महिला ने लगाए थे यौन शोषण के आरोप
punjabkesari.in Saturday, Mar 08, 2025 - 12:41 PM (IST)

नेशनल डेस्क. कपूरथला की एक महिला ने जालंधर के पास्टर बजिंदर सिंह पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। महिला के स्वजन का कहना है कि पास्टर मामले की जांच से बचने के लिए प्रचार के बहाने नेपाल भाग गया है और उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। हालांकि, इस मामले की जांच कर रही एसआइटी प्रमुख एसपी रुपिंदर कौर का कहना है कि उन्हें पास्टर के नेपाल जाने की कोई जानकारी नहीं है। इसी बीच राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए पंजाब पुलिस से तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट तलब कर ली है।
क्या है मामला?
जालंधर के ताजपुर में 'चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम' चलाने वाले 42 वर्षीय पास्टर बजिंदर सिंह पर 22 वर्षीय युवती ने यौन शोषण का आरोप लगाया था। कपूरथला में 28 फरवरी को इस मामले में केस दर्ज किया गया था। महिला का आरोप है कि वह और उसके माता-पिता अक्टूबर 2017 से पास्टर के चर्च में जाते थे। पास्टर ने उसका मोबाइल नंबर लेकर उसे लगातार मैसेज करना शुरू कर दिया। महिला डर के कारण अपने माता-पिता को इस बारे में नहीं बताती थी। 2022 से पास्टर ने उसे चर्च के कैबिन में अकेले बैठाना शुरू किया, जब वह अकेली होती, तो पास्टर उसे गले लगाता और अनुचित तरीके से छूता। विरोध करने पर पास्टर ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
राष्ट्रीय महिला आयोग का हस्तक्षेप
शुक्रवार को नई दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन विजय रहितकर ने कहा कि पास्टर बजिंदर सिंह से जुड़ा मामला बहुत गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने पंजाब पुलिस से तीन दिनों के भीतर मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट और एफआईआर की प्रति सौंपने को कहा है। उन्होंने यह भी पूछा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करेगी।
पुलिस की जांच और पास्टर के विवादों का इतिहास
कपूरथला के एसएसपी गौरव ने बताया कि पास्टर के खिलाफ यौन शोषण, पीछा करने और आपराधिक धमकी के आरोप में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) बनाई है, जिसका नेतृत्व फगवाड़ा एसपी रुपिंदर कौर कर रही हैं। कुछ दिन पहले पास्टर बजिंदर सिंह ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा था, "वह हमारी बेटी जैसी है।"
पास्टर बजिंदर सिंह का विवादों से पुराना नाता है। 2018 में जीरकपुर की एक महिला ने उसके खिलाफ आरोप लगाए थे, जिसके बाद पास्टर पर केस दर्ज हुआ था। उसे दिल्ली हवाई अड्डे से लंदन जाते समय गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 2022 में दिल्ली के एक परिवार ने आरोप लगाया था कि पास्टर ने उनकी बेटी के इलाज के नाम पर पैसे लिए थे। 2023 में आयकर विभाग ने उसके ठिकानों पर छापेमारी की थी।