Parliament Budget Session: संसद में भारी हंगामे के बीच 3 बजे तक स्थगित हुई लोकसभा की कार्यवाही

punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 02:20 PM (IST)

Parliament Budget Session: लोकसभा के बजट सत्र के दौरान उस समय गतिरोध पैदा हो गया जब विपक्ष ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे के मेमोयर (संस्मरण) का मुद्दा उठाया। प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी सांसद सदन के बीचों-बीच (वेल) आ गए और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा। कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संबोधन शुरु किया। 

3 बजे तक स्थगित हुई लोकसभा की कार्यवाही

लोकसभा में आज हुए भारी हंगामे के बीच स्पीकर ने दोपहर 3 बजे तक कार्यवाही को स्थगित कर दिया है। 

राहुल गांधी का सरकार पर तीखा वार

 राहुल गांधी ने मोर्चा संभालाते हुए जनरल नरवणे के संस्मरण के हवाले से राष्ट्रीय सुरक्षा का गंभीर मुद्दा उठाया और कुछ दस्तावेजों को ऑथेंटिकेट (प्रमाणित) किया। राहुल गांधी ने कहा, "यह देश की सुरक्षा, विशेष रूप से चीन और पाकिस्तान से जुड़ा मामला है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।"

सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के आरोपों पर कड़ी आपत्ति जताई। रिजिजू ने कहा कि विपक्ष सदन को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने स्पीकर के साथ हुई बैठक का हवाला देते हुए आग्रह किया कि सदन की गरिमा का ध्यान रखते हुए चर्चा होनी चाहिए और अनावश्यक मुद्दों को छोड़ना चाहिए।

सदन में 'यार' शब्द पर चेयर की फटकार

हंगामे के बीच सदन की मर्यादा उस समय चर्चा में आई जब किसी सदस्य ने पीठासीन अधिकारी (चेयर) को संबोधित करते हुए 'यार' शब्द का प्रयोग कर दिया। उस समय आसन पर कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी बैठे थे। उन्होंने सख्त लहजे में फटकार लगाते हुए कहा, "यह संसद है, यहाँ की अपनी एक गरिमा है, अपनी शब्दावली पर ध्यान दें।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News