OMG: 28 की उम्र में 9 बच्चों को दिया जन्म, अब भी है 3 महीने की गर्भवती, सामने आया अजीबोगरीब मामला!
punjabkesari.in Sunday, Mar 16, 2025 - 12:10 PM (IST)

नेशनल डेस्क. एक महिला 28 साल की उम्र में 9 बच्चों को जन्म दे चुकी है, वर्तमान में वह 3 महीने की गर्भवती है। इनमें से 4 बच्चों की मौत हो चुकी है और अब 5 बच्चे उसके पास है, जिनमें एक लड़का और चार लड़कियां शामिल हैं। लेकिन अब भी उसका पति उसे लड़का पैदा करने का दबाव बना रहा है। महिला ने घरेलू हिंसा के खिलाफ न्याय के लिए महिला संरक्षण और बाल विवाह निषेध अधिकारी रजनी गुप्ता के पास शिकायत दी है।
महिला ने बताया कि उसकी शादी 15-16 साल की उम्र में हुई थी और वह अपने पति के साथ पानीपत की एक कॉलोनी में रहती है। उसका पति उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और उसका अपना काम है, लेकिन उसकी कमाई ज्यादा नहीं है। इसके बावजूद वह लगातार पत्नी से बच्चे पैदा करने के लिए दबाव बनाता रहता है। महिला ने कहा कि 18 साल की उम्र से पहले ही वह दो बच्चों की मां बन चुकी थी और तभी उसने पति से कहा था कि अब और बच्चे न हों, लेकिन पति ने उसकी बात नहीं मानी।
महिला का कहना है कि अब वह फिर से गर्भवती है और इसके कारण उसके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। उसे समझने के बजाय पति फिर से लड़का पैदा करने की जिद कर रहा है।
पति का तर्क
काउंसलिंग के दौरान पति ने कहा कि उसके चार बच्चे मर गए हैं, जिनमें से तीन लड़के थे। इसलिए अब उसके पास ज्यादा लड़कियां हैं। वह मानता है कि आने वाले समय में लड़कों का होना जरूरी है, क्योंकि वह पैसे कमाएंगे और घर चलाने में मदद करेंगे। उसने इस बात पर जोर दिया कि लड़के पैदा करने की जरूरत है। पति ने ऑपरेशन कराने से मना कर दिया और कहा कि वह अपनी पत्नी का ऑपरेशन कराने के लिए तैयार है, लेकिन खुद नहीं।
अधिकारियों की पहल
इस मामले को लेकर महिला अधिकारी रजनी गुप्ता ने बताया कि पिछले सप्ताह यह केस उनके पास आया था। महिला ने कहा था कि पति बच्चे पैदा करने का लगातार दबाव बना रहा है। अधिकारी ने काउंसलिंग के दौरान पति को यह समझाया कि लड़की और लड़का दोनों बराबर होते हैं और इन दोनों के बीच भेदभाव नहीं होना चाहिए। इसके अलावा पत्नी पर बच्चे पैदा करने का दबाव भी नहीं बनाना चाहिए। इस पर पति ने सहमति जताई और अब वह पत्नी पर दबाव नहीं बनाएगा।