Palam Gangrape Case: डेढ़ साल से फरार मुख्य आरोपी गुलजार गिरफ्तार, बंदूक की नोक पर नाबालिग से की थी दरिंदगी
punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 03:28 PM (IST)
Palam Village Gangrape Case : दिल्ली पुलिस ने करीब डेढ़ साल पहले पालम गांव इलाके में एक नाबालिग लड़के के साथ बंदूक के बल पर सामूहिक दुष्कर्म करने और उसे गंभीर रूप से घायल करने के मामले में फरार मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मौके पर एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान 30 वर्षीय गुलजार उर्फ सोनू के तौर पर हुई है और उसे बुधवार को पालम गांव से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2024 में चार लोगों ने नाबालिग लड़के के साथ बंदूक के बल पर दुष्कर्म किया था और उसे ब्लेड से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। पुलिस के मुताबिक इस बाबत पालम गांव थाने में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पोक्सो) और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
यह भी पढ़ें: गंदी हरकत पर बुरी फंसी Nepal Airlines, जम्मू-कश्मीर को दिखाया पाकिस्तान का हिस्सा, अब मांग रहा माफी
अधिकारी के मुताबिक इस मामले में आरोपियों अजय, नीरज और कमल को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था जबकि अदालत ने दिसंबर 2025 में गुलजार को भगोड़ा घोषित कर दिया था। अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पंकज कुमार ने बताया कि इस मामले में गुलजार मुख्य आरोपी था और उसने ही पिस्तौल के बल पर पीड़ित को डराया-धमकाया था और अपराध में अहम भूमिका निभाई थी।
उन्होंने बताया कि अपराध शाखा की टीम को सूचना मिली कि इस मामले में फरार आरोपी पालम गांव आने वाला है और टीम ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उनके मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को बंदूक दिखाकर धमकाया और अपराध को अंजाम दिया तथा फरार रहने के दौरान वह पुलिस की गिरफ्त में आने से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा।
