Delhi Encounter: दिल्ली में दिनदहाड़े मर्डर करने वाले दो शूटर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 08:35 AM (IST)
Delhi Encounter : राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके (North-East Delhi) से पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की एक बड़ी खबर सामने आई है। यमुना खादर इलाके में दिनदहाड़े हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड के आरोपी दो शार्प शूटरों को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक संक्षिप्त एनकाउंटर (मुठभेड़) के बाद दबोच लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने इस सफल ऑपरेशन की पुष्टि की। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई इस आमने-सामने की गोलीबारी में दोनों तरफ से राउंड फायर किए गए जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी करके दोनों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
आरोपियों की पहचान आतिफ और इस्माइल के तौर पर हुई है। कथित तौर पर उन्हें सीसीटीवी कैमरों में दिन-दहाड़े राशिद पर गोली चलाते हुए देखा गया था। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद से ही ये दोनों फरार थे और कई टीमें उनकी तलाश कर रही थीं।
अधिकारी ने बताया कि उनकी लोकेशन के बारे में मिली जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच की एक टीम ने जाल बिछाया और उन्हें रोका। पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान आरोपियों और पुलिस टीम के बीच गोलीबारी हुई जिसके बाद दोनों को पकड़ लिया गया।
