''मोदी-शाह की जोड़ी से डरती थी हमारी पीढ़ी, युवाओं ने सिखाया निडर होना'': मणिशंकर अय्यर

punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 01:01 AM (IST)

नेशनल डेस्कः  कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पीढ़ी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी से डरने लगी थी, लेकिन युवाओं ने सभी को निडर होकर तानाशाही के खिलाफ खड़े होना सिखाया है। अय्यर अपनी पत्नी सुनीत के साथ जंतर-मंतर पहुंचे, जहां कॉकरेच जनता पार्टी के नेतृत्व में हजारों युवा प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए अय्यर ने कहा, "मैं यहां किसी को कुछ सिखाने नहीं आया हूं, बल्कि खुद सीखने आया हूं। यहां मौजूद युवा देश को निडर होना सिखा रहे हैं।" उन्होंने कहा, "मेरी पीढ़ी के लोग डरे हुए थे और प्रधानमंत्री मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह का नाम सुनकर कांपते थे। हमें संदेह रहता था कि अगर हमने अपनी आवाज उठाई तो कहीं हमें तिहाड़ जेल न भेज दिया जाए। हमने उमर खालिद और शरजील इमाम को देखा है कि उनके साथ क्या हुआ।"

अय्यर ने कहा कि खालिद और इमाम पांच से छह वर्षों से जेल में हैं और सरकार अब तक उनके खिलाफ आरोप भी तय नहीं कर पाई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, "ऐसे माहौल में हम डरे हुए थे। मैंने अपनी आवाज उठाने की कोशिश की, लेकिन भीतर डर था। आज हम देख रहे हैं कि आप निडर हैं। और हम यहां यह सीखने आए हैं।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News