Operation Sindoor: 1.30 मिनट के वीडियो में सेना ने दिखाया पड़ोसी मुल्क की तबाही का ट्रेलर, पहलगाम हमले का लिया था बदला

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 07:33 AM (IST)

Operation Sindoor Video: भारत की आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को एक साल पूरा हो गया। इस मौके पर भारतीय सेना ने गुरुवार को करीब डेढ़ मिनट का एक खास वीडियो जारी किया, जिसमें पिछले साल पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की झलक दिखाई गई। सेना ने वीडियो के जरिए अपने मिशन की ताकत और आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख को दिखाने की कोशिश की है।

पहलगाम हमले के बाद लिया गया बड़ा फैसला
पिछले साल 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में बड़ा आतंकी हमला हुआ था। दोपहर के समय पर्यटकों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई थी। हमलावरों ने कथित तौर पर लोगों से धर्म पूछने के बाद गोलीबारी की। इस हमले में 26 पुरुष पर्यटकों की मौत हो गई थी, जिससे पूरे देश में गुस्सा फैल गया था। घटना के बाद केंद्र सरकार और सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी थी। इसके कुछ हफ्तों बाद भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लॉन्च किया।

7 मई की रात शुरू हुआ था ऑपरेशन
भारतीय सेना ने 7 मई की रात ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया। इस अभियान के तहत भारतीय वायुसेना और अन्य सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान और PoK में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। बताया गया कि इन हमलों में आतंकी संगठनों के कई बड़े अड्डे पूरी तरह तबाह हो गए थे। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इस ऑपरेशन में करीब 100 आतंकियों के मारे जाने का दावा किया गया था। साथ ही आतंकियों के ट्रेनिंग कैंप, हथियार गोदाम और लॉन्च पैड को भी भारी नुकसान पहुंचा था।

सेना ने जारी किया खास वीडियो
ऑपरेशन के एक साल पूरे होने पर भारतीय सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो में सैन्य तैयारियों, एयर स्ट्राइक और मिशन के कुछ अहम पलों को दिखाया गया है। सेना ने इसे आतंकवाद के खिलाफ भारत की मजबूत नीति का प्रतीक बताया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News