ऑनलाइन गेमिंग की लत से पूरा परिवार तबाह, लाखों हार चुके पिता ने उठाया खौफनाक कदम, परिवार को पिलाया जहर, 2 की मौत
punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 10:05 PM (IST)
नेशनल डेस्कः मध्यप्रदेश में शहडोल जिले की पुरानी बस्ती क्षेत्र में ऑनलाइन गेम में कर्ज होने से परेशान एक व्यक्ति ने परिवार सहित जहर पी लिया, जिससे उसकी नाबालिग पुत्री और स्वयं उसकी मौत हो गई, जबकि पत्नी का उपचार जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शंकरलाल गुप्ता (40) ने 24 फरवरी की रात कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर अपनी पत्नी और 16 वर्षीय पुत्री स्वाति गुप्ता के साथ सेवन कर लिया। घटना के बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई। उपचार के दौरान स्वाति गुप्ता की पहले ही मौत हो गई।
गंभीर अवस्था में शंकरलाल गुप्ता को शहडोल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां 25 फरवरी की शाम उसकी भी मौत हो गई। शंकर की पत्नी राजकुमारी गुप्ता का इलाज जारी है और चिकित्सक उन्हें बचाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ऑनलाइन गेम में कर्ज होने के कारण यह कदम उठाया गया।
