सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़, एक नक्सली हुआ ढेर

punjabkesari.in Tuesday, Mar 19, 2024 - 01:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले के सीमावर्ती इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को मार गिराया।

उन्होंने बताया कि सोमवार को दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले के सीमावर्ती किरंदुल थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरंगेल—गमपुर गांव के जंगल में सशस्त्र माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर डीआरजी, बस्तर फाइटर्स दंतेवाड़ा तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान पर भेजा गया था। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान आज जब सुरक्षाबल के जवान क्षेत्र में थे तब नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी।

इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए। बाद में जब सुरक्षाबलों ने घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां एक नक्सली का शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि मारे गए नक्सली की पहचान कराई जा रही है तथा मुठभेड़ में कई नक्सलियों के घायल होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है। राज्य के कांकेर जिले में शनिवार को सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को तथा शुक्रवार को बीजापुर जिले में दो नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया था। 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Singh

Recommended News

Related News